करनाल में मजार तोड़े जाने पर विवाद: हिंदू संगठनों ने हनुमान चालीसा पढ़ी, दूसरे पक्ष से हाथापाई; पुलिस ने संभाला मामला
कर्ण विहार में निर्माण और कथित गतिविधियों को लेकर विवाद; पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली, इलाके में फोर्स तैनात

करनाल। हरियाणा के करनाल के कर्ण विहार इलाके में मंगलवार को एक धार्मिक ढांचे को लेकर विवाद हो गया। बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और अन्य हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों ने मौके पर पहुंचकर हथौड़ों से मजार के ढांचे में तोड़फोड़ की। वहां मौजूद देखरेख करने वाले लोगों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच हाथापाई और कहासुनी हुई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों ने वहीं बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
निर्माण को लेकर उठाए सवाल
स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों का आरोप है कि करीब डेढ़ साल पहले खाली जगह पर केवल दो ईंटें रखी गई थीं। इसके बाद धीरे-धीरे वहां निर्माण बढ़ाया गया और टाइलें, स्टील की ग्रिल, बिजली कनेक्शन और एसी तक लगाया गया।
प्रदर्शनकारियों ने इस निर्माण की अनुमति और गतिविधियों की जांच की मांग की। उनका कहना है कि वे किसी धर्म के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि रिहायशी इलाके में कथित संदिग्ध गतिविधियों की जांच चाहते हैं।
तंत्र-मंत्र के आरोप, पुलिस ने नहीं की पुष्टि
हिंदू संगठनों और कुछ स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यहां तंत्र-मंत्र से जुड़ी गतिविधियां होती थीं। उनका दावा है कि रात में रोने, चीखने और किलकारियों जैसी आवाजें सुनाई देती थीं, जिससे आसपास के लोगों में डर का माहौल था।
हालांकि, इन आरोपों की पुलिस की ओर से पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस पहुंची तो मकान पर मिला ताला
विवाद के दौरान पुलिस के पहुंचने के बाद विरोध कर रहे कुछ लोग मौके से चले गए। पुलिस को मजार की देखरेख करने वाले व्यक्ति के मकान पर भी ताला लगा मिला। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से निर्माण और वहां होने वाली गतिविधियों की जांच कराने की मांग की है।
इलाके में पुलिस बल तैनात
सेक्टर-32-33 थाना के SI विनोद कुमार के अनुसार कर्ण विहार में धार्मिक ढांचा तोड़े जाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। तनाव को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस दोनों पक्षों से संपर्क कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के तथ्यों के आधार पर की जाएगी।



