इच्छापूर्ण बालाजी मंदिर में निकली कलश यात्रा, 9 मई को होगी मूर्ति प्रतिष्ठा
सुंदरकांड पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच गांव में भक्ति का माहौल

महाजन | नवनिर्मित इच्छापूर्ण बालाजी मंदिर में मूर्ति प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत सोमवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। धार्मिक आस्था और भक्ति से सराबोर इस यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गांव का माहौल भक्तिमय बना दिया।
कलश यात्रा ब्राह्मण मोहल्ले स्थित हनुमान मंदिर से विधि-विधान के साथ शुरू हुई। यात्रा वार्ड नंबर एक, कुम्हाना बास और भोजरासर बास से होते हुए गांव से करीब तीन किलोमीटर पश्चिम स्थित नवनिर्मित इच्छापूर्ण बालाजी मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ भक्ति भाव से हिस्सा लिया।
यात्रा शुरू होने से पहले पंडित अशोक बोहरा एवं अन्य विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न करवाई। इस दौरान मुख्य यजमान कन्हैयालाल कायल और घनश्याम स्वामी ने विधिवत पूजा में भाग लिया। कलश यात्रा में मोहल्ले की सैकड़ों महिलाएं सिर पर कलश धारण कर शामिल हुईं, वहीं पुरुष श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान 9 मई तक जारी रहेंगे। 8 मई को मूर्ति का गांव में भ्रमण कराया जाएगा, जबकि 9 मई को विधि-विधान से मूर्ति प्रतिष्ठा की जाएगी। आज से 9 मई तक प्रतिदिन सायंकाल मंदिर परिसर में सुंदरकांड पाठ का आयोजन भी होगा।
धार्मिक आयोजन में बजरंग लखोटिया, ओमप्रकाश ओझा, सीताराम स्वामी, भवानीशंकर सारस्वा, मालाराम ओझा, राधेश्याम सारस्वा, सत्यनारायण स्वामी, शिवभगवान कायल, विकास ओझा, मुखराम ओझा, पूनमचंद स्वामी और पुरुषोत्तम स्वामी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
#HamareMath #GiriReporter #MandiDabwali #BhagwaHindustan #BhagwaHind




