सिरसा में युवक की संदिग्ध मौत: पत्नी से विवाद के बाद घर से निकला, मां ने लगाए गंभीर आरोप
झगड़े के बाद घर से निकला, मंदिर के पास मिला बेसुध

सिरसा जिले के डबवाली क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 37 वर्षीय रमेश कुमार निवासी गांव सुखेरा खेड़ा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि 3 मई की रात पत्नी से विवाद के बाद वह घर से निकला था। बाद में वह रामदेव मंदिर के पास बेहोशी की हालत में मिला, जहां से उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मां ने बहू पर लगाए अवैध संबंध के आरोप
मृतक की मां मूर्ति देवी ने अपनी बहू पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि रमेश की पत्नी सुमन देवी का व्यवहार शादी के बाद से ही ठीक नहीं था और वह अक्सर झगड़ा करती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सुमन के गांव के ही एक व्यक्ति के साथ अवैध संबंध थे, जिसका रमेश विरोध करता था।
पंचायत के बाद लौटी थी ससुराल
परिजनों के अनुसार, करीब 8 महीने पहले सुमन देवी मायके चली गई थी। करीब 20 दिन पहले पंचायत के बाद वह वापस ससुराल आई थी, लेकिन इसके बाद भी विवाद खत्म नहीं हुआ।
परिजनों ने पुलिस पर भी लगाए आरोप
मृतक के रिश्तेदारों ने चौटाला चौकी पुलिस पर भी लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जब वे बयान दर्ज करवाने पहुंचे तो पुलिस ने उनकी बात ठीक से सुनने के बजाय खुद ही बयान लिखकर साइन करवाने की कोशिश की। विरोध करने पर कागज फाड़ दिया गया।
पोस्टमार्टम न होने पर उठे सवाल
परिजनों का आरोप है कि घटना के काफी समय बाद भी पुलिस ने न तो कोई ठोस कार्रवाई की और न ही पोस्टमार्टम करवाया गया। इससे नाराज परिजन एसपी के पास पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच व सख्त कार्रवाई की मांग की।
जांच की मांग, पुलिस पर दबाव
परिवार ने पूरे मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।




