Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
Uncategorized

6 दिनों तक झारखंड में बारिश के आसार

4 डिग्री तक गिरेगा पारा, मई में फरवरी जैसी ठंड का एहसास

झारखंड में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और राज्य के ऊपर से गुजर रही टर्फ लाइन के असर से रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों में लगातार बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटे में हुई मूसलाधार बारिश के कारण अधिकतम तापमान में एक ही दिन में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है।

रांची सहित राज्य के कई जिलों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास पहुंच गया है, जिससे मई के महीने में फरवरी जैसी ठंडक महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार यह स्थिति अगले एक सप्ताह तक बनी रह सकती है।

11 मई तक बारिश और तेज हवा की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार 11 मई तक राज्य के अधिकतर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है और वज्रपात की भी आशंका है।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट हो सकती है। इसके बाद भी अगले तीन दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं आएगा और वातावरण खुशनुमा बना रहेगा।

बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी बना रही असर

विशेषज्ञों के मुताबिक बिहार से होते हुए झारखंड और पश्चिम बंगाल के गंगीय क्षेत्रों तक एक टर्फ लाइन गुजर रही है। इसके साथ बंगाल की खाड़ी से आने वाली अत्यधिक नमी के कारण वायुमंडल में अस्थिरता बनी हुई है।

साइक्लोनिक सर्कुलेशन और स्थानीय हीटिंग के प्रभाव से गरज-चमक वाले बादल बन रहे हैं, जिससे लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मई महीने में कई बार ऐसी स्थिति बन सकती है और पूरे माह तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा।

बारिश का बाजार पर भी असर

मौसम में आए बदलाव का असर बाजार पर भी साफ दिखाई देने लगा है। कुछ दिन पहले तक तेज गर्मी के कारण एसी, कूलर और पंखों की मांग तेजी से बढ़ रही थी, लेकिन अब लगातार बारिश और तापमान में गिरावट के कारण बिक्री धीमी पड़ गई है।

मेन रोड के इलेक्ट्रॉनिक सामान विक्रेताओं के अनुसार फिलहाल केवल पहले से बुक किए गए ऑर्डर ही पूरे किए जा रहे हैं। नई बुकिंग लगभग बंद हो चुकी है।

कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज

पिछले 24 घंटे के दौरान रांची सहित कई जिलों में भारी बारिश हुई। तेनुघाट में सबसे अधिक 82.2 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बुढ़मू में 51.2 एमएम, कांके में 50 एमएम, नामकुम में 46 एमएम, ओरमांझी में 41 एमएम और मांडर में 40 एमएम बारिश दर्ज की गई।

मूसलाधार बारिश के कारण रांची का अधिकतम तापमान गिरकर 29.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 7.7 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री कम रहा।

#HamareMath #GiriReporter #MandiDabwali #BhagwaHindustan #BhagwaHindusthan

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!