Uncategorized

11 मई तक झारखंड में बदला रहेगा मौसम

रांची, रामगढ़, हजारीबाग और बोकारो में बारिश के आसार, यलो अलर्ट जारी

झारखंड में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और राज्य के ऊपर सक्रिय टर्फ लाइन के कारण पिछले 24 घंटे में रांची समेत कई जिलों में जोरदार बारिश हुई। बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया और एक ही दिन में अधिकतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई।

रांची का अधिकतम तापमान घटकर 29.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से लगभग 7.7 डिग्री कम है। राज्य के कई जिलों में तापमान 30 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जिससे मई के महीने में फरवरी जैसी ठंडक महसूस की जा रही है।

11 मई तक बारिश और वज्रपात की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 6 से 11 मई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। 6 मई को रांची, रामगढ़, हजारीबाग और बोकारो में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

वहीं 7 मई को संथाल परगना और दक्षिण-पूर्वी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं, जिसके चलते यलो अलर्ट जारी किया गया है। 8 मई को पश्चिमी झारखंड को छोड़कर बाकी क्षेत्रों में बारिश की संभावना बनी हुई है।

मौसम विभाग ने 9 से 11 मई के बीच 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की चेतावनी भी जारी की है। अगले दो दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री तक और गिरावट हो सकती है।

कई इलाकों में 50 मिमी से ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई। तेनुघाट में सबसे अधिक 82.2 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा बुढ़मू में 51.2 मिमी, कांके में 50 मिमी, नामकुम में 46 मिमी, ओरमांझी में 41 मिमी और मांडर में 40 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

इस दौरान न्यूनतम तापमान गिरकर 19.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार साइक्लोनिक सर्कुलेशन और स्थानीय हीटिंग के कारण बादल बन रहे हैं और यह स्थिति पूरे सप्ताह बनी रह सकती है।

मौसम बदलने से बाजार पर भी असर

अचानक बदले मौसम का असर बाजार में भी दिखाई देने लगा है। कुछ दिन पहले तक तेज गर्मी के कारण एसी, कूलर और पंखों की मांग तेजी से बढ़ रही थी, लेकिन बारिश और ठंडक के कारण अब बिक्री में गिरावट दर्ज की जा रही है।

दुकानदारों का कहना है कि फिलहाल केवल पहले से बुक किए गए ऑर्डर ही पूरे किए जा रहे हैं, जबकि नई बुकिंग लगभग बंद हो चुकी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मई महीने में तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा और बीच-बीच में ऐसे मौसम परिवर्तन देखने को मिल सकते हैं।

#HamareMath #GiriReporter #MandiDabwali #BhagwaHindustan #BhagwaHindusthan

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!