वैन चालक ने हवलदार को मारी टक्कर, 8 फीट दूर जा गिरे; मौके पर मौत
पुराना विधानसभा के पास सड़क पार करते समय हादसा, बेटे ने लगाया जानबूझकर धक्का मारने का आरोप

रांची: जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र स्थित पुराना विधानसभा के पास शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में हवलदार कैलाश पूर्ति की मौत हो गई। सड़क पार कर रहे हवलदार को एक अज्ञात वैन चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वे सड़क किनारे करीब 8 फीट दूर जा गिरे। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
धक्का मारकर वैन चालक मौके से फरार
हादसे के बाद वैन चालक तेज रफ्तार में धुर्वा गोलचक्कर की ओर फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों की मदद से हवलदार कैलाश पूर्ति को तुरंत धुर्वा स्थित पारस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बेटे ने लगाया जानबूझकर टक्कर मारने का आरोप
मृतक के पुत्र समीर पूर्ति ने अज्ञात वैन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। समीर का आरोप है कि उसके पिता सड़क पार कर रहे थे और वैन चालक के पास दाहिनी ओर से निकलने के लिए पर्याप्त जगह थी। इसके बावजूद चालक ने जानबूझकर उनके पिता को टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बेटे की आंखों के सामने हुई पिता की मौत
हादसे के वक्त कैलाश पूर्ति अपने 23 वर्षीय बेटे समीर पूर्ति के साथ कमरे से निकले थे। पुराना विधानसभा गेट के पास पहुंचने के बाद उन्होंने बेटे को सड़क किनारे रुकने को कहा और खुद सामान खरीदने सड़क पार कर बाजार चले गए। सामान लेकर लौटते वक्त जब वे सड़क पार कर रहे थे, तभी बिरसा चौक की ओर से आ रही तेज रफ्तार वैन ने उन्हें टक्कर मार दी। बेटे की आंखों के सामने ही पिता की मौत हो गई।
रांची में बेटे के साथ रह रहे थे कैलाश पूर्ति
मृतक कैलाश पूर्ति मूल रूप से चाईबासा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। वे रांची जिला बल में हवलदार के पद पर तैनात थे और फिलहाल पुराना विधानसभा में आर्म्स सुरक्षा गार्ड के रूप में ड्यूटी कर रहे थे। वे अपने बेटे समीर को रांची में साथ रखे हुए थे, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है।
पुलिस वैन चालक की तलाश में जुटी
जगन्नाथपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार वैन चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
#HamareMath #GiriReporter #MandiDabwali #BhagwaHindustan #BhagwaHindusthan




