दिल्ली-NCR में 3-4 फीट तक पानी, यूपी के 19 जिलों में बाढ़ जैसे हालात; MP के 22 जिलों में रेड अलर्ट
दिल्ली-NCR में 3-4 फीट तक जलभराव से जनजीवन प्रभावित, यूपी के 19 जिलों में बाढ़; MP में 22 जिलों में रेड अलर्ट, कई जगह नदी-नालों में तेज बहाव

दिल्ली-NCR में तेज बारिश के बाद कई इलाकों में 3 से 4 फीट तक जलभराव हो गया। घरों और दुकानों में पानी घुसने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा, जबकि कई जगह सड़क पर वाहन फंस गए। यूपी में लगातार बारिश से नदियां उफान पर हैं और 19 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।
वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से दशाश्वमेध घाट की पुलिस चौकी पानी में डूब गई। प्रयागराज में दारागंज घाट का श्मशान जलमग्न होने के कारण सड़क पर अंतिम संस्कार करना पड़ा। ललितपुर में तेज बहाव के बीच पुल पार कर रही एक बाइक बह गई।
मध्य प्रदेश के जबलपुर, चंबल और नर्मदापुरम संभाग में भी भारी बारिश हुई। अशोकनगर में एक युवक बाइक समेत बह गया। मौसम विभाग ने प्रदेश के 22 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
छत्तीसगढ़ के मुंगेली में पैदल जा रही महिला पर बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई। बिलासपुर में स्कूल से घर लौट रहे तीन बच्चे घोंघा नदी के तेज बहाव में बह गए। तीनों के शव बरामद कर लिए गए हैं। बलरामपुर में कन्हर नदी पार करते समय एक युवक तेज बहाव में बह गया, जिसकी तलाश जारी है।
वहीं, दिल्ली में खराब मौसम के कारण कई उड़ानों पर भी असर पड़ा। यात्रियों को एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। कई इलाकों में आंधी, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।


