दो वाहनों के बीच फंसी स्विफ्ट, नवजात समेत 3 की मौत: प्रसूता को अस्पताल से छुट्टी के बाद घर लौट रहा था परिवार
सामने से कैंपर जीप और पीछे से स्कॉर्पियो की टक्कर से कार बुरी तरह पिचकी, हादसे में प्रसूता समेत तीन महिलाएं गंभीर घायल

बीकानेर के बज्जू थाना क्षेत्र में शनिवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो दिन के नवजात समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा भड़ल गांव के पास बीकमपुर मार्ग पर करीब शाम 7 बजे हुआ, जब फलोदी जिले के मदासर गांव का एक परिवार प्रसूता महिला और उसके दो दिन के नवजात बच्चे को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद स्विफ्ट कार से घर लेकर लौट रहा था। कार में कुल छह लोग सवार थे। रास्ते में स्विफ्ट की सामने से आ रही कैंपर जीप से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के तुरंत बाद पीछे से आ रही स्कॉर्पियो भी स्विफ्ट से जा भिड़ी, जिससे कार आगे कैंपर और पीछे स्कॉर्पियो के बीच बुरी तरह फंस गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार सभी लोगों को गंभीर चोटें आईं। घायलों को तत्काल बज्जू उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां रिछपाल पुत्र बुधराम की मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल नवप्रसूता बाधु देवी, उनकी वृद्ध मां ऐलची देवी, मंजू देवी और दो दिन के नवजात को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया। बीकानेर ले जाते समय नवजात और ऐलची देवी ने भी दम तोड़ दिया, जिसके बाद मृतकों की संख्या तीन हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और मनीष पुत्र शैलूराम की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार स्विफ्ट में मनीष, उनकी बहन और नवप्रसूता बाधु देवी, दो दिन का नवजात, उनकी वृद्ध मां ऐलची देवी, काका के बेटे रिछपाल और रिछपाल की पत्नी मंजू देवी सवार थे। हादसे के बाद परिवार के तीन सदस्यों की मौत से मदासर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिस परिवार में नवजात के जन्म और प्रसूता के घर लौटने को लेकर खुशी का माहौल था, वहां कुछ ही घंटों में मातम पसर गया। हादसे की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मृतकों के शव मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना में शामिल वाहनों तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।




