Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
Dabwali

एक सप्ताह में 17 नशा तस्कर गिरफ्तार, डबवाली पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन

46.26 ग्राम हेरोइन, 75 प्रतिबंधित और 260 नशीली गोलियां बरामद; पुलिस ने सप्लाई चेन तोड़ने के लिए तेज की कॉम्बिंग और धरपकड़

डबवाली पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महज एक सप्ताह में 17 कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, आईपीएस के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विभिन्न पुलिस टीमों ने नशा तस्करी से जुड़े मामलों में वांछित आरोपियों और कथित सप्लायरों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कुल 46.26 ग्राम हेरोइन, 75 प्रतिबंधित गोलियां और 260 नशीली गोलियां बरामद करने का दावा किया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का फोकस केवल छोटे स्तर पर नशीले पदार्थ रखने वालों तक सीमित न रहकर कथित सप्लाई नेटवर्क की कड़ियों तक पहुंचने और पूरी सप्लाई चेन को कमजोर करने पर है। इसके लिए संदिग्ध ठिकानों पर लगातार दबिश के साथ कॉम्बिंग ऑपरेशन, चेकिंग और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस प्रवक्ता उप निरीक्षक आनन्द कुमार के अनुसार नशा समाज और विशेष रूप से युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है, इसलिए तस्करों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार और पुनर्वास से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नशे की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सप्लाई और डिमांड दोनों पर एक साथ प्रहार जरूरी है। इसी उद्देश्य से नशा मुक्ति टीमों, नशा मुक्ति कमेटियों, ग्राम पंचायतों और आमजन के सहयोग से जागरूकता एवं उपचार संबंधी गतिविधियां भी चलाई जा रही हैं। डबवाली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि उन्हें नशा तस्करी, नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना पुलिस को दें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!