सड़क सुरक्षा पर डबवाली पुलिस सख्त, एक सप्ताह में सैकड़ों वाहन चालकों पर कार्रवाई
ओवरस्पीड, ड्रंकन ड्राइविंग, रॉन्ग साइड और ट्रिपल राइडिंग पर शिकंजा; 375 वाहनों पर HSRP नंबर प्लेट नहीं होने पर कार्रवाई

डबवाली पुलिस ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर अपना अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, आईपीएस के निर्देशन में ट्रैफिक पुलिस द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार विशेष चेकिंग की जा रही है। पुलिस प्रवक्ता उप निरीक्षक आनन्द कुमार ने बताया कि यातायात प्रभारी निरीक्षक बिजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में बीते एक सप्ताह के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट के 38, HSRP नंबर प्लेट नहीं होने पर 375, ओवरस्पीड के 140, नशे में वाहन चलाने के 11, लेन चेंज के 26, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 8 और ट्रिपल राइडिंग के 42 चालान किए गए। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग पर गलत तरीके से वाहन खड़े कर यातायात व्यवस्था बाधित करने वाले 75 भारी वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने वाले 2 वाहन चालकों तथा प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने वाले 6 वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर स्टंट, खतरनाक ड्राइविंग, तेज आवाज, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और यातायात नियमों की मनमानी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चेकिंग के साथ पुलिस टीमों ने वाहन चालकों को जागरूक करते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, शराब या नशे की हालत में वाहन न चलाने, नाबालिगों को वाहन न सौंपने और मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए ड्राइविंग से बचने की अपील की। वहीं वाहन चालकों को HSRP नंबर प्लेट लगवाने के लिए भी जागरूक किया गया। पुलिस के अनुसार HSRP नंबर प्लेट वाहनों की पहचान और सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है तथा चोरी हुए वाहनों का पता लगाने और आपराधिक मामलों की जांच में पुलिस को मदद मिल सकती है। डबवाली पुलिस का कहना है कि यातायात अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं बल्कि सड़क पर अनुशासन कायम करना, दुर्घटनाओं को रोकना और आमजन की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन पुलिस के डर से नहीं बल्कि अपनी और दूसरों की जिंदगी की सुरक्षा के लिए करें। पुलिस का संदेश साफ है—सड़क पर रफ्तार नहीं, जिम्मेदारी दिखाएं और सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंचें।



