अवैध शराब तस्करों पर डबवाली पुलिस का शिकंजा, 15 बोतल शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
गोल बाजार चौकी पुलिस की कार्रवाई, वार्ड नंबर 1 में प्लास्टिक कट्टे से बरामद हुई अवैध देसी शराब; आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज
डबवाली में अवैध शराब की तस्करी और खुर्दा संचालन के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, आईपीएस के मार्गदर्शन में चौकी गोलबाजार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 15 बोतल अवैध देसी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 29 अगस्त 2026 को चौकी गोलबाजार प्रभारी उप निरीक्षक सत्यनारायण के नेतृत्व में पुलिस टीम वार्ड नंबर 1, मंडी डबवाली में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को प्लास्टिक के कट्टे सहित संदिग्ध परिस्थितियों में काबू कर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से देसी शराब मार्का ‘मस्ती माल्टा’ की 15 बोतलें बरामद होने का पुलिस ने दावा किया है। पुलिस ने आरोपी से शराब रखने और ले जाने संबंधी वैध लाइसेंस अथवा परमिट प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन आरोपी कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर आरोपी सन्नी के खिलाफ थाना शहर डबवाली में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब की बिक्री, तस्करी और खुर्दा संचालन पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

