Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
ग्वालियर

एटीएम में लूट का प्रयास करने वाला निकला नशेड़ी: CCTV से पहचान, कलारी पर शराब पीते मिला

एक ही रात SBI और BOB के दो एटीएम में की तोड़फोड़, पुलिस ने 100 से ज्यादा CCTV खंगालकर आरोपी को चंद घंटों में पकड़ा

ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के आनंद नगर तिराहे पर एक ही रात में दो एटीएम में लूट का प्रयास करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान घासमंडी निवासी मनोज पाल (26) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी नशे का आदी है और वारदात के समय भी नशे में था। उसने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और पास ही स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB) के एटीएम के निचले हिस्से यानी लोअर गेट से छेड़छाड़ कर मशीनों में सेंधमारी की कोशिश की थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने इलाके में लगे 100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और संदेही की पहचान की। इसके बाद मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को कलारी के पास शराब पीते हुए पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस के सामने दोनों एटीएम में तोड़फोड़ कर लूट की कोशिश करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसे लगा था कि एटीएम मशीनों में काफी पैसा होगा और उसे कुछ न कुछ रकम मिल जाएगी, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। मामले की शुरुआत शनिवार, 29 अगस्त की रात करीब 2:15 बजे हुई, जब एटीएम की देखरेख करने वाली कंपनी के कर्मचारी दीपक शर्मा को SBI के मुंबई हेडक्वार्टर से फोन पर सूचना मिली कि आनंद नगर तिराहे स्थित एटीएम बूथ में कोई संदिग्ध व्यक्ति छेड़छाड़ कर रहा है। सूचना मिलते ही दीपक शर्मा मौके पर पहुंचे तो SBI और BOB दोनों एटीएम मशीनों के लोअर गेट खुले हुए मिले और मशीनों से छेड़छाड़ की गई थी। इसके बाद बहोड़ापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई और पुलिस ने BNS की धारा 305(ए) और 62 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस की विशेष टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के CCTV फुटेज की जांच शुरू की। 100 से अधिक कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालने के बाद पुलिस को आरोपी का हुलिया मिला। मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर उसकी पहचान मनोज पाल के रूप में हुई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने एटीएम में लूट के इरादे से तोड़फोड़ करने की बात कबूल की। बहोड़ापुर थाना पुलिस अब आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने इस वारदात की योजना कैसे बनाई थी और क्या वह पहले भी किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल रहा है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते एटीएम से रकम चोरी होने से बच गई और आरोपी को वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!