Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
hisar

हिसार से 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार: रोहित गोदारा-वीरेंद्र चारण नेटवर्क पर शिकंजा, चूरू के व्यापारी से मांगी थी 1 करोड़ की रंगदारी

राजस्थान-हरियाणा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; आरोपी पर मकोका, हत्या और अन्य संगीन अपराधों के 33 मामले दर्ज, शूटरों को हथियार सप्लाई करने का आरोप

हिसार। गैंगस्टर रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण के नेटवर्क के खिलाफ राजस्थान और हरियाणा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हिसार से 25 हजार रुपए के इनामी अंतरराज्यीय बदमाश बिंदू उर्फ मिंटू मोडासिया को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से हरियाणा के भिवानी जिले के बहल का रहने वाला है। उसके खिलाफ मकोका, हत्या समेत अलग-अलग राज्यों में 33 संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर चूरू के एक व्यापारी के घर पर 1 करोड़ रुपए की रंगदारी के लिए की गई फायरिंग में शामिल शूटरों को हथियार उपलब्ध कराने का आरोप है।

व्यापारी से मांगी थी 1 करोड़ की रंगदारी

मामला 14 मई का है। चूरू के रेलवे घूमचक्कर के पास रहने वाले कारोबारी सुनील प्रजापत के घर पर दो नकाबपोश बदमाश पहुंचे थे। आरोप है कि बदमाशों ने रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण के नाम से व्यापारी से 1 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी।

रंगदारी की रकम नहीं मिलने पर बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद चूरू पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अब तक इस मामले में 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी।

जांच में सामने आया हिसार कनेक्शन

जांच के दौरान पुलिस ने वारदात से जुड़े लोगों की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं। इसी दौरान हरियाणा के बहल निवासी मिंटू मोडासिया का नाम सामने आया।

पुलिस का दावा है कि मिंटू ने वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य शूटर हरदीप सिंह और रोहित को अवैध हथियार उपलब्ध करवाए थे। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और जाल बिछाकर उसे हिसार से गिरफ्तार कर लिया।

मकोका में पैरोल पर था बाहर

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मिंटू मोडासिया पर कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह मकोका के तहत जेल में बंद था और मेडिकल आधार पर पैरोल पर बाहर आया हुआ था।

पुलिस का आरोप है कि पैरोल पर बाहर आने के बाद भी वह अंतरराज्यीय गैंग्स के संपर्क में रहा और आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा। उसके खिलाफ अलग-अलग राज्यों में हत्या समेत कई गंभीर अपराधों के मामले दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस रिमांड में पूछताछ जारी

हिसार से गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब उससे अवैध हथियारों की सप्लाई, गैंग के अन्य सदस्यों और नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।

थानाधिकारी संदीप कुमार के अनुसार पूछताछ के दौरान हथियारों की खेप और वारदात से जुड़े अन्य आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।

विदेश में बैठे गैंगस्टरों से कनेक्शन की जांच

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि चूरू और आसपास के कारोबारियों के मोबाइल नंबर, पते और अन्य जानकारी विदेश में बैठे गैंगस्टर नेटवर्क तक कौन पहुंचा रहा था।

पुलिस की जांच में फिलहाल 4-5 अन्य संदिग्ध भी रडार पर हैं। इनकी भूमिका और गैंग के साथ संपर्क की भी जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मिंटू की गिरफ्तारी से रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण से जुड़े नेटवर्क की गतिविधियों के संबंध में कई अहम सुराग मिलने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!