हरियाणा में 3 जिलों में बारिश के आसार, बाकी प्रदेश में मौसम रहेगा शुष्क
मानसूनी ब्रेक से बढ़ी गर्मी; हिसार में 38.7°C पहुंचा पारा, 1 सितंबर से फिर बदल सकता है मौसम

हिसार। हरियाणा में मानसूनी गतिविधियां कमजोर पड़ने के कारण गर्मी और उमस बढ़ गई है। मानसून ट्रफ के हिमालय की तलहटी की ओर खिसकने से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आई है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि बाकी जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।
बारिश की कमी का असर तापमान पर भी दिखाई दे रहा है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 2.4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। हिसार में अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।
1 सितंबर से फिर बदल सकता है मौसम
कृषि मौसम विज्ञान विभाग, एचएयू हिसार के अनुसार 31 अगस्त तक बारिश की गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है। इस दौरान मौसम परिवर्तनशील रह सकता है। वहीं 1 से 3 सितंबर के बीच मानसूनी हवाओं में बदलाव के चलते प्रदेश के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश होने की संभावना है।
किसानों के लिए सलाह
बदलते मौसम को देखते हुए किसानों को अगले कुछ दिनों तक फसलों में सिंचाई और कृषि रसायनों के छिड़काव को स्थगित रखने की सलाह दी गई है। किसानों को फसलों में सफेद मक्खी, जेसिड, गुलाबी सुंडी और धान में रूट वीविल जैसे कीटों की नियमित निगरानी करने को कहा गया है।
अधिक उमस के कारण पशुओं और पोल्ट्री को भी परेशानी हो सकती है। पशुपालकों को उचित वेंटिलेशन की व्यवस्था रखने, पशुओं को साफ पानी और हरा चारा उपलब्ध कराने की सलाह दी गई है।
हिसार रहा प्रदेश में सबसे गर्म
मानसूनी ब्रेक के चलते हिसार में तापमान 38.7°C दर्ज हुआ। इसके अलावा भिवानी में 37.5°C, नूंह में 37.0°C, नारनौल में 36.5°C और रोहतक में 35.9°C तापमान दर्ज किया गया।
रात के तापमान की बात करें तो यमुनानगर में न्यूनतम तापमान 24.6°C रहा। अंबाला में 26.4°C, करनाल में 25.8°C, हिसार में 26.6°C, नारनौल में 27.0°C, सिरसा में 27.6°C और रोहतक में 28.4°C न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।




