
हिसार/चंडीगढ़। हरियाणा में मानसून की सुस्ती के बीच अब राहत की खबर है। मौसम विज्ञान विभाग चंडीगढ़ के अनुसार, 21 अगस्त की रात से 23 अगस्त तक प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो सकता है। इस दौरान प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तेज हवाओं, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी हरियाणा के ऊपर एक नया साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन रहा है। इसके अलावा मानसून टर्फ की अक्षय रेखा अमृतसर, नजीबाबाद और फतेहगढ़ से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इन मौसमी परिस्थितियों के चलते बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
20 अगस्त तक 17% कम बारिश
हरियाणा में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 17% कम बारिश हुई है। 20 अगस्त तक प्रदेश में औसतन 307.6 मिमी बारिश सामान्य मानी जाती है, लेकिन इस बार अभी तक 254.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
बारिश की कमी के चलते 7 जिलों में सूखे जैसे हालात बने हुए हैं। जींद में सामान्य से 52%, अंबाला में 51%, कैथल में 49%, सिरसा में 47%, पंचकूला में 44%, रोहतक में 36% और करनाल में 33% कम बारिश हुई है।
21 से 23 अगस्त तक बारिश के आसार
21 से 23 अगस्त के बीच प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है। बारिश के कारण दिन के तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जबकि रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है।
कुरुक्षेत्र में 99.5 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटों में प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश कुरुक्षेत्र में 99.5 मिमी दर्ज की गई। यमुनानगर में 66.5 मिमी, पंचकूला में 17 मिमी, गुरुग्राम में 11 मिमी, फरीदाबाद में 9.5 मिमी और कैथल में 3 मिमी बारिश हुई।
वहीं हिसार में अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भिवानी और यमुनानगर में न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
24 अगस्त के बाद फिर थम सकती है बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, 24 अगस्त के बाद मानसून टर्फ हिमालय की तलहटी की ओर खिसक सकती है। इसके बाद हरियाणा में बारिश की गतिविधियां कम होने की संभावना है और मौसम मुख्य रूप से परिवर्तनशील बना रह सकता है।
इन जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
हरियाणा के कुछ जिलों में इस बार सामान्य से अधिक बारिश भी हुई है। भिवानी में 22%, कुरुक्षेत्र में 19%, पलवल में 17%, चरखी दादरी में 11%, जबकि फतेहाबाद और रेवाड़ी में 3% अधिक बारिश दर्ज की गई है।
सिरसा समेत बारिश की कमी वाले जिलों के लिए अगले तीन दिन की बारिश काफी अहम मानी जा रही है।




