भिवानी में नाले में लगी आग, काले धुएं से घिरा इलाका: 2 दिन पहले पलटा था केमिकल टैंकर; रिसाव के बाद आग भड़कने की आशंका
बहल में 100 मीटर लंबे नाले में भड़की आग, पेड़ और बिजली के तार जले; 19 सितंबर को पलटे जाइलीन टैंकर से रिसा था केमिकल

भिवानी। हरियाणा के बहल गांव में मंगलवार सुबह नाले में अचानक आग लग गई। आग से उठे काले धुएं का गुबार आसपास के इलाके में फैल गया। नाले के पास मौजूद पेड़ और बिजली के तार भी इसकी चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
100 मीटर लंबे नाले में लगी आग
जिस नाले में आग लगी, उसकी लंबाई करीब 100 मीटर बताई गई है। इसके आसपास रिहायशी मकान नहीं हैं। पुलिस के मुताबिक 19 सितंबर की देर रात बहल बस स्टैंड के पास केमिकल से भरा टैंकर पलट गया था। टैंकर से रिसा केमिकल नाले में पहुंच गया था।
अब आशंका जताई जा रही है कि नाले में मौजूद इसी केमिकल के कारण आग भड़की। फिलहाल टीमें नाले से केमिकल हटाने के काम में जुटी हैं।
दूर तक दिखाई दिया धुएं का गुबार
स्थानीय निवासी राजेंद्र के अनुसार सुबह नाले में आग दिखाई देने के बाद उन्होंने प्रशासन को सूचना दी। आग की लपटों के साथ उठता काला धुआं काफी दूर तक नजर आया। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों के मुताबिक फायर ब्रिगेड के पहुंचने में समय लगा। बहल में अलग से फायर ब्रिगेड कार्यालय नहीं होने को इसके संभावित कारणों में बताया गया।
पुलिस बोली- रिहायशी इलाके से दूर है नाला
बहल थाना SHO उग्रसेन ने बताया कि सुरपुरा रोड के पास नाले में आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।
उन्होंने बताया कि दो दिन पहले इसी क्षेत्र में केमिकल से भरा टैंकर पलटा था और उससे रिसाव होकर केमिकल नाले में पहुंच गया था। प्राथमिक तौर पर इसी केमिकल के कारण आग लगने की आशंका है। राहत की बात यह रही कि नाला रिहायशी क्षेत्र में नहीं है।
टैंकर पलटने के करीब 8 घंटे बाद लगी थी आग
जानकारी के अनुसार बहल में जाइलीन केमिकल से भरा टैंकर 19 सितंबर की रात करीब 12 बजे पलटा था। समय पर टैंकर को हटाया नहीं जा सका। करीब आठ घंटे बाद रविवार सुबह 7:50 बजे टैंकर से रिसे केमिकल में आग लग गई थी।
आग फैलने से आसपास के खोखे और रेहड़ियां भी इसकी चपेट में आ गई थीं। बाद में फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई थी।
पानी की सप्लाई में भी मिल गया था केमिकल
सुरपुरा रोड स्थित जलघर से बूस्टिंग स्टेशन तक जाने वाली पानी की लाइन में लीकेज होने के कारण जाइलीन केमिकल के पानी में मिलने की बात सामने आई थी। यह पानी करीब 68 हजार लीटर क्षमता वाले टैंक तक पहुंच गया था।
विभाग की ओर से सुबह करीब 15 मिनट तक गांव में पानी की सप्लाई भी हुई। घरों में पानी पहुंचने के बाद लोगों ने उसमें तेज केमिकल जैसी गंध महसूस की। इसके बाद कई लोगों ने एहतियातन घरों में रखा पानी अलग कर दिया।
बाद में पाइपलाइन की मरम्मत की गई और पानी के टैंक को खाली कराया गया। अब नाले में मौजूद केमिकल को हटाने की कार्रवाई की जा रही है।




