हवाई फायरिंग मामले में 5 माह से फरार आरोपी गिरफ्तार
थाना औढ़ा पुलिस ने प्रदीप उर्फ बब्बू को दबोचा, नाबालिग आरोपी पहले ही गिरफ्तार; 315 बोर पिस्तौल और वर्ना कार बरामद
डबवाली, 28 अगस्त। क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम और आपराधिक मामलों में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना औढ़ा पुलिस ने हवाई फायरिंग के मामले में करीब 5 माह से फरार चल रहे आरोपी प्रदीप उर्फ बब्बू को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर के कुशल नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के संबंध में पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 6 मार्च 2026 को बनवाला निवासी सुभाष की आरोपियों के साथ फोन पर कहासुनी हुई थी। शिकायत के अनुसार, इसके बाद जब सुभाष अपने किसी काम से जा रहा था तो बनवाला में लाइब्रेरी के नजदीक आरोपियों ने रास्ते में कार खड़ी कर हवाई फायर किए। मामले में 7 मार्च को शिकायत मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता एवं शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान थाना औढ़ा पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और मामले में कार्रवाई आगे बढ़ाई। पुलिस ने 9 मार्च को एक नाबालिग आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया 315 बोर का अवैध पिस्तौल तथा मार्का वर्ना कार भी बरामद की गई थी। मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए थाना औढ़ा प्रभारी उप निरीक्षक विजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी प्रदीप उर्फ बब्बू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक नाबालिग सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि आपराधिक मामलों में वांछित एवं फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।



