इंजेक्शन के लिए अनिका की जंग जारी, 8 करोड़ से ज्यादा जुटे फिर भी इलाज के लक्ष्य से परिवार दूर
8 करोड़ से ज्यादा जुटे फिर भी इलाज के लक्ष्य से परिवार दूर

इंदौर: दुर्लभ बीमारी से जूझ रही मासूम अनिका के इलाज के लिए उसके माता-पिता की जंग लगातार जारी है। अमेरिका से आने वाले जीवनरक्षक इंजेक्शन की कीमत डॉलर और रुपए के बदलते एक्सचेंज रेट के कारण करीब 9 करोड़ रुपये से बढ़कर 9.50 करोड़ रुपये से अधिक हो गई है, जिससे परिवार के सामने आर्थिक चुनौती और बढ़ गई है। पिछले 9 महीनों से अनिका के माता-पिता सरिता शर्मा और प्रवीण शर्मा लगातार क्राउड फंडिंग के जरिए बेटी के इलाज के लिए राशि जुटाने में लगे हुए हैं। इंदौर से शुरू हुआ उनका अभियान दूसरे राज्यों तक पहुंचा और उन्होंने अलग-अलग जगहों पर लोगों से मदद की अपील की। परिवार ने कई सिलेब्रिटीज से भी संपर्क किया और उनकी मदद की अपील वाले वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए, ताकि अधिक से अधिक लोग अनिका के इलाज के लिए आर्थिक सहयोग कर सकें। माता-पिता के मुताबिक अब तक क्राउड फंडिंग के माध्यम से 8 करोड़ रुपये से अधिक राशि जुटाई जा चुकी है, लेकिन इंजेक्शन की बढ़ी हुई कीमत के कारण अभी भी लक्ष्य पूरा नहीं हुआ है और 50 लाख रुपये से अधिक की राशि की जरूरत बनी हुई है। परिवार लगातार लोगों से सहयोग की अपील कर रहा है और उन्हें उम्मीद है कि रक्षाबंधन तक इलाज के लिए आवश्यक राशि जुटाई जा सकेगी, जिसके बाद अमेरिका से इंजेक्शन मंगवाकर अनिका का इलाज शुरू कराया जा सके। इसके साथ ही परिवार को कोर्ट में जरूरी दस्तावेज भी जमा कराने हैं, जिसके लिए माता-पिता लगातार भागदौड़ कर रहे हैं। अनिका के इलाज की उम्मीद अब जुटाई जा रही अंतिम राशि और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने पर टिकी है। परिवार का कहना है कि पिछले कई महीनों से लोगों के सहयोग के कारण वे इस मुश्किल सफर में आगे बढ़ पाए हैं और उन्हें भरोसा है कि अंतिम लक्ष्य भी पूरा होगा, जिससे उनकी बेटी को जरूरी इलाज मिल सकेगा।



