जिला व उपमंडल स्तर पर धूमधाम व भव्यता के साथ मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस समारोह
जिला स्तरीय समारोह में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा करेंगे ध्वजारोहण
सिरसा, 14 अगस्त। 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह शनिवार को सिरसा जिले में जिला एवं उपमंडल स्तर पर पूरे उत्साह, धूमधाम और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला स्तरीय मुख्य समारोह स्थानीय शहीद भगत सिंह स्टेडियम, सिरसा में आयोजित किया जाएगा, जहां कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे और राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इसके अलावा उपमंडल स्तर पर भी विभिन्न स्थानों पर स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे। डबवाली में श्री गुरु गोबिंद सिंह खेल परिसर, ऐलनाबाद में अतिरिक्त अनाजमंडी तथा कालांवाली में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में समारोह आयोजित होगा। डबवाली में श्रम कल्याण बोर्ड के चेयरमैन रोहताश जांगड़ा, कालांवाली में हरियाणा बीज विकास निगम के चेयरमैन देव कुमार शर्मा तथा ऐलनाबाद में किसान कल्याण प्राधिकरण की एग्जीक्यूटिव कमेटी के चेयरमैन राजपाल बैनीवाल बतौर मुख्य अतिथि समारोह में शामिल होंगे। जिला एवं उपमंडल स्तर पर आयोजित होने वाले समारोहों में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें मार्च पास्ट, पीटी शो और सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहेंगे। समारोह के दौरान स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा। जिला स्तरीय समारोह के कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा प्रातः 8:45 बजे स्थानीय लघु सचिवालय स्थित शहीदी स्मारक स्थल एवं स्वतंत्रता सेनानी स्थल पर पहुंचकर वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करने के साथ होगी। इसके बाद मुख्य अतिथि शहीद भगत सिंह स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और परेड का निरीक्षण करेंगे। समारोह में स्कूली विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। जिला स्तरीय कार्यक्रम में आयोजित होने वाले पीटी शो में 900 से अधिक विद्यार्थी हिस्सा लेंगे, जबकि परेड एवं मार्च पास्ट में 11 टुकड़ियां भाग लेंगी। इसके अलावा आठ स्कूलों की टीमों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। प्रशासन की ओर से समारोह को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलेभर में देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम का माहौल देखने को मिलेगा।
जिला स्तरीय समारोह
स्थान: शहीद भगत सिंह स्टेडियम, सिरसा
मुख्य अतिथि: कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा
शहीदों को नमन: प्रातः 8:45 बजे लघु सचिवालय स्थित शहीदी स्मारक एवं स्वतंत्रता सेनानी स्थल पर
पीटी शो: 900 से अधिक विद्यार्थी
परेड एवं मार्च पास्ट: 11 टुकड़ियां
सांस्कृतिक कार्यक्रम: 8 स्कूलों की टीमें
उपमंडल स्तर के समारोह
डबवाली: श्री गुरु गोबिंद सिंह खेल परिसर — मुख्य अतिथि रोहताश जांगड़ा
ऐलनाबाद: अतिरिक्त अनाजमंडी — मुख्य अतिथि राजपाल बैनीवाल
कालांवाली: राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय — मुख्य अतिथि देव कुमार शर्मा



