जयपुर में आज निकलेगी जन आक्रोश रैली, 25 हजार लोगों के जुटने का दावा; कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट
25 हजार लोगों के शामिल होने का दावा, खोले के हनुमानजी मंदिर से अल्बर्ट हॉल तक निकलेगी रैली; जयपुर-दिल्ली रूट समेत कई मार्गों पर यातायात डायवर्ट रहेगा।

जयपुर। युवा शक्ति मंच राजस्थान की ओर से आज जयपुर में जन आक्रोश रैली निकाली जाएगी। रैली दोपहर 1 बजे खोले के हनुमानजी मंदिर से रवाना होगी और शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रामनिवास बाग स्थित अल्बर्ट हॉल पहुंचेगी। रैली को देखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
आयोजकों के अनुसार रैली का उद्देश्य जयपुर की ऐतिहासिक इमारतों, धार्मिक स्थलों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के मुद्दे को उठाना है। इसके साथ ही परकोटा क्षेत्र से बहुसंख्यक समाज के पलायन के मुद्दे को भी रैली के माध्यम से सामने रखा जाएगा।
25 हजार लोगों के शामिल होने का दावा
युवा शक्ति मंच राजस्थान के संयोजक सुनील सिंह शेखावत ने दावा किया है कि रैली में करीब 25 हजार लोग शामिल होंगे। आयोजकों के मुताबिक रैली में 2 हजार से अधिक महिलाएं, करीब 10 हजार दोपहिया वाहन और 500 से अधिक चारपहिया वाहन शामिल हो सकते हैं।
इन रास्तों से गुजरेगी रैली
रैली दोपहर 1 बजे खोले के हनुमानजी मंदिर से शुरू होकर बदनपुरा, गंगापोल, राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, सुभाष चौक, चांदी की टकसाल, बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, किशनपोल बाजार और अजमेरी गेट होते हुए रामनिवास बाग चौराहे पर पहुंचेगी। यहां से रैली अल्बर्ट हॉल तक जाएगी।
जयपुर-दिल्ली रोड पर ट्रैफिक डायवर्ट
रैली के दौरान दिल्ली रोड से जयपुर आने वाले वाहनों को खोले के हनुमानजी मंदिर की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। यातायात को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।
धोबीघाट सर्किल से रामगढ़ मोड़, सदवा मोड़ से रामगढ़ रोड, नाई की थड़ी और नायला रोड होते हुए आगरा रोड तथा आमेर तिराहे से गांधी चौक आमेर-रोड और रामगढ़ मोड़ की ओर यातायात डायवर्ट किया जाएगा।
भारी वाहनों को चंदवाजी तिराहा से एक्सप्रेस हाईवे, रोड नंबर 14 और 200 फीट चौराहा होते हुए अजमेर रोड की ओर भेजा जाएगा।
जयपुर से दिल्ली जाने वाले वाहन इन रास्तों से निकलेंगे
जयपुर से दिल्ली रोड की ओर जाने वाले वाहनों को गलता गेट से सूरजपोल गेट, रामगंज चौपड़, टीपी नगर, गुरुद्वारा मोड़, गोविंद मार्ग और रोटरी सर्किल होते हुए जवाहर नगर बाईपास की ओर भेजा जाएगा।
रैली के मार्ग में वाहनों की पार्किंग पर भी रोक रहेगी। ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि वे रैली के दौरान अनावश्यक रूप से इन मार्गों पर जाने से बचें और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।




