bikaner

निकाय चुनाव में टिकट के लिए पॉवर सेंटर बने बड़े नेता: कांग्रेस में यशपाल-कल्ला ले रहे आवेदन, BJP में मंत्री-विधायकों तक पहुंच

टिकट के लिए नेताओं के दरबार में दावेदार: बीकानेर में कांग्रेस-BJP दोनों में बड़े नेताओं के जरिए पैरवी तेज

बीकानेर। निकाय चुनाव की घोषणा के साथ ही बीकानेर में पार्षद पद के टिकट के लिए दावेदारों की दौड़ तेज हो गई है। कार्यकर्ता संगठन के स्तर पर आवेदन करने के साथ ही बड़े नेताओं के संपर्क में भी पहुंच रहे हैं। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों में टिकट के लिए दावेदारों ने नेताओं के घर और कार्यालयों के चक्कर लगाने शुरू कर दिए हैं।

कांग्रेस में जहां संगठन की प्रक्रिया के तहत आवेदन लिए जा रहे हैं, वहीं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला और पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल गहलोत भी अपने स्तर पर दावेदारों से आवेदन ले रहे हैं। भाजपा में भी दावेदार विधायकों, पूर्व विधायकों, मंत्रियों और केंद्रीय मंत्री तक अपनी दावेदारी पहुंचा रहे हैं।

बीकानेर शहर के 80 वार्ड बीकानेर पूर्व और पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों में आते हैं। ऐसे में दोनों विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े बड़े नेताओं की भूमिका टिकट चयन में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

कांग्रेस में बड़े नेताओं के पास पहुंच रहे दावेदार

कांग्रेस ने टिकट के लिए ऑनलाइन आवेदन लेने की प्रक्रिया भी शुरू की है। शहर कांग्रेस कार्यालय में अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के पास रोजाना कार्यकर्ता अपनी दावेदारी लेकर पहुंच रहे हैं। वहीं देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग के कार्यालय में भी निकाय क्षेत्रों से जुड़े दावेदार आवेदन जमा कर रहे हैं।

पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला और पूर्व शहर अध्यक्ष यशपाल गहलोत भी अपने स्तर पर दावेदारों से आवेदन ले रहे हैं। पार्टी की ओर से अंतिम निर्णय संगठन स्तर पर ही किया जाएगा, लेकिन बड़े नेताओं के पास पहुंच रहे आवेदनों से टिकट की राजनीति में उनकी सक्रियता साफ दिखाई दे रही है।

विधानसभा प्रत्याशियों के जरिए भी आवेदन

कांग्रेस की ओर से नगर निकायों में मजबूत बोर्ड बनाने के लिए विधानसभा चुनाव लड़ चुके नेताओं से भी दावेदारों के बारे में जानकारी ली जा रही है।

नोखा में विधायक सुशीला डूडी, खाजूवाला में गोविंदराम मेघवाल, श्रीडूंगरगढ़ में मंगलाराम गोदारा और लूणकरनसर में डॉ. राजेंद्र मूंड के माध्यम से भी दावेदार आवेदन दे रहे हैं। इन आवेदनों को बाद में संबंधित संगठन तक पहुंचाया जाएगा।

भाजपा में केंद्रीय मंत्री तक पहुंच रहे दावेदार

भाजपा में भी टिकट के लिए दावेदार संगठन कार्यालय के साथ-साथ बड़े नेताओं से संपर्क साध रहे हैं। बीकानेर सांसद और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल से भी बड़ी संख्या में दावेदार सिफारिश के लिए संपर्क कर रहे हैं।

बीकानेर नगर निगम के महापौर और अन्य नगर पालिकाओं में अध्यक्ष पद के लिए पार्टी को मजबूत प्रत्याशी उतारने की चुनौती है। ऐसे में टिकट वितरण के दौरान बड़े नेताओं की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

विधायकों के पास भी दावेदारों की भीड़

भाजपा में संगठन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि आधिकारिक प्रक्रिया के तहत दिए गए आवेदन ही मान्य होंगे। इसके बावजूद दावेदार विधायकों और विधानसभा चुनाव लड़ चुके नेताओं के माध्यम से अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं।

बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास के पास रोजाना दावेदार पहुंच रहे हैं। वहीं बीकानेर पूर्व की पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी भी चुनावी गतिविधियों में सक्रिय हैं। नोखा में बिहारीलाल बिश्नोई, लूणकरनसर और नापासर में कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा, देशनोक में कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी, श्रीडूंगरगढ़ में ताराचंद सारस्वत और खाजूवाला में डॉ. विश्वनाथ मेघवाल के पास भी टिकट के इच्छुक कार्यकर्ता पहुंच रहे हैं।

टिकट के साथ बोर्ड बनाने की भी चुनौती

निकाय चुनाव में दोनों दलों के लिए सिर्फ पार्षद प्रत्याशियों का चयन ही चुनौती नहीं है, बल्कि मजबूत बोर्ड बनाने की जिम्मेदारी भी बड़े नेताओं पर रहेगी। इसी वजह से दावेदार संगठन के साथ-साथ अपने क्षेत्र के प्रभावशाली नेताओं से संपर्क बढ़ा रहे हैं।

अंतिम टिकट वितरण पार्टी संगठन की प्रक्रिया और सर्वे के आधार पर होगा, लेकिन निकाय चुनाव ने बीकानेर में बड़े नेताओं को एक बार फिर अपने-अपने राजनीतिक प्रभाव और संगठनात्मक पकड़ मजबूत करने का मौका दे दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!