Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
देश

पुलिस लाइन डबवाली में जनरल परेड आयोजित, एसपी जसलीन कौर ने किया निरीक्षण

पुलिस लाइन डबवाली में जनरल परेड आयोजित, एसपी जसलीन कौर ने किया निरीक्षण

डबवाली, 10 अगस्त। पुलिस विभाग में अनुशासन, तत्परता और कार्यकुशलता को मजबूत करने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस लाइन डबवाली में जनरल परेड का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, आईपीएस ने जनरल परेड का निरीक्षण करते हुए पुलिस जवानों की तैयारियों, अनुशासन और टर्नआउट का जायजा लिया तथा आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर की जा रही तैयारियों का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न पुलिस टीमों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। एसपी ने राइडर, डायल 112 तथा दुर्गा शक्ति टीम के कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान पूरी तरह सतर्क रहने, किसी भी सूचना पर तत्काल प्रतिक्रिया देने और आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील स्थानों और क्षेत्रों में प्रभावी गश्त बढ़ाने तथा लगातार निगरानी बनाए रखने पर भी जोर दिया। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिसकर्मियों को नशा तस्करों पर लगातार नजर रखने और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसलिए आमजन, युवाओं और ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए अभियान में जनभागीदारी को और मजबूत किया जाना चाहिए। उन्होंने नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार एवं पुनर्वास प्रक्रिया से जोड़ने तथा उनके परिवारों के साथ समन्वय स्थापित कर उन्हें सामान्य जीवन की ओर लौटने के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा बेचने वालों के खिलाफ सख्ती और नशा छोड़ने वालों के प्रति संवेदनशीलता, दोनों ही पुलिस के अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। एसपी जसलीन कौर ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय आमजन तक त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी पुलिस सहायता पहुंचाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी पुलिस कर्मचारियों को पूरी निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य एवं बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिस कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। सम्मानित होने वालों में एएनसी स्टाफ डबवाली में तैनात एएसआई रणजोध सिंह, मुख्य सिपाही राजेन्द्र, मोहर्रर थाना कालांवाली, सिपाही कुलदीप सिंह थाना कालांवाली, सिपाही वीरभान सम्मन स्टाफ कालांवाली, सिपाही सुशील कुमार चौकी देसूजोधा, मुख्य सिपाही सुखविंदर सिंह इंचार्ज पीसीआर-2 थाना कालांवाली, एसपीओ गुरजिन्दर सिंह थाना कालांवाली तथा एसपीओ विरेन्द्र सिंह चौकी देसूजोधा शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने सम्मानित कर्मचारियों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि अच्छे कार्य की पहचान और सम्मान से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ता है तथा अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है। जनरल परेड के दौरान उन्होंने पुलिस बल को शारीरिक रूप से फिट, मानसिक रूप से सजग और ड्यूटी के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अनुशासित, सतर्क और संवेदनशील पुलिस बल ही अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ-साथ आमजन में सुरक्षा की भावना और पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत कर सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!