कर्तव्यनिष्ठा से पदोन्नति तक का सफर, मुख्य सिपाही से एएसआई बने राजेन्द्र सिंह
मुख्य सिपाही से एएसआई बने राजेन्द्र सिंह

डबवाली, 10 अगस्त। डबवाली पुलिस परिवार के लिए सोमवार को गौरवपूर्ण क्षण रहा, जब पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, आईपीएस ने मुख्य सिपाही से सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) के पद पर पदोन्नत हुए राजेन्द्र सिंह के कंधों पर स्टार लगाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर एसपी जसलीन कौर ने कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान और उपलब्धि का प्रतीक नहीं, बल्कि इसके साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ती हैं। उन्होंने नव पदोन्नत एएसआई राजेन्द्र सिंह से अपेक्षा जताई कि वे नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पहले से भी अधिक मेहनत, निष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी के साथ करेंगे तथा आमजन की सेवा को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। एसपी ने कहा कि पुलिस सेवा समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का एक सशक्त माध्यम है और प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को अपनी तैनाती वाले क्षेत्र के नागरिकों के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध स्थापित करते हुए सहयोग और विश्वास का वातावरण बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की कार्यशैली से ही पुलिस विभाग की सकारात्मक और संवेदनशील छवि मजबूत होती है। पदोन्नति के साथ नई चुनौतियां भी सामने आती हैं और उन्हें अवसर के रूप में स्वीकार कर पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करना ही एक कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी की पहचान है। उन्होंने राजेन्द्र सिंह को नई पदोन्नति के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे अपनी सेवाओं के माध्यम से विभाग का नाम और ऊंचा करेंगे। वर्तमान में एएसआई राजेन्द्र सिंह पुलिस अधीक्षक डबवाली की सुरक्षा गार्द में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पदोन्नति मिलने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की और कार्यालय में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी साझा की। उन्होंने एसपी जसलीन कौर सहित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने का विश्वास दिलाया।




