ग्वालियर

स्वतंत्रता दिवस पर महाकाल मंदिर में 122 क्विंटल लड्डुओं की बिक्री, 6.57 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

15 अगस्त को महाकालेश्वर मंदिर में उमड़ी भारी भीड़, टिकट से एक दिन में ₹1.07 करोड़ से ज्यादा की आय; प्रसाद बिक्री से भी मंदिर समिति को लाखों की कमाई

उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। 15 अगस्त को देशभर से पहुंचे 6 लाख 57 हजार 218 श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन किए। स्वतंत्रता दिवस और सावन के चलते मंदिर परिसर तथा दर्शन मार्गों पर पूरे दिन श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। मंदिर प्रबंध समिति के अनुसार, इस दौरान श्रद्धालुओं ने बड़ी मात्रा में लड्डू प्रसाद खरीदा। एक ही दिन में 122.165 क्विंटल यानी 12,216.5 किलो से अधिक लड्डुओं की बिक्री हुई, जिससे मंदिर समिति को 54 लाख 69 हजार 800 रुपए की आय हुई। श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या का असर मंदिर की टिकट आय पर भी दिखाई दिया। ऑनलाइन टिकट के जरिए 27,953 श्रद्धालुओं से 69 लाख 88 हजार 250 रुपए, जबकि काउंटर टिकट के माध्यम से 15,200 श्रद्धालुओं से 38 लाख रुपए की आय हुई। इस तरह ऑनलाइन और काउंटर टिकट से मंदिर समिति को एक दिन में कुल 1 करोड़ 7 लाख 88 हजार 250 रुपए प्राप्त हुए। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए मंदिर प्रबंध समिति और प्रशासन की ओर से दर्शन व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इंतजाम किए गए। मंदिर समिति के अनुसार श्रद्धालुओं को सुगम और व्यवस्थित दर्शन कराने के लिए व्यवस्थाओं पर लगातार ध्यान दिया जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस के बाद अब 17 अगस्त को सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी का संयोग होने के कारण महाकाल मंदिर में एक बार फिर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसी अवसर पर महाकाल मंदिर की तीसरी मंजिल पर स्थित भगवान नागचंद्रेश्वर मंदिर के पट भी 16 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे से 17 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक 24 घंटे के लिए खोले जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!