8 घाटों पर 12 सुसज्जित विसर्जन रथ रहेंगे तैयार: हीरा मिल कुंड और केडी पैलेस पर क्रेन से होगा विसर्जन, घाटों पर तैनात रहेंगे अधिकारी
छोटी प्रतिमाओं के लिए 8 घाटों पर 12 विसर्जन रथ तैनात; बड़ी प्रतिमाएं केडी पैलेस कुंड में क्रेन-जेसीबी से विसर्जित होंगी, 25-26 सितंबर को अधिकारियों की ड्यूटी तय

उज्जैन। गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर नगर निगम ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। छोटी प्रतिमाओं को एकत्र करने के लिए शहर के 8 घाटों पर 12 विसर्जन रथ तैनात किए जाएंगे। इन रथों को फूलों से सजाया जाएगा। वहीं बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए कालियादेह महल के पास व्यवस्था की गई है, जहां दो बड़ी क्रेन और जेसीबी की मदद से प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जाएगा।
नगर निगम ने छोटी-बड़ी प्रतिमाओं को एकत्र करने के लिए प्रत्येक जोन में टीमों की तैनाती की है। 25 और 26 सितंबर को विसर्जन कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्थानों पर अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है।
विसर्जन रथ त्रिवेणी घाट, लालपुल घाट, गऊघाट, नृसिंह घाट, हीरा मिल कुंड, टावर चौक और केडी पैलेस सहित निर्धारित स्थानों पर तैनात रहेंगे। श्रद्धालु इन स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं विसर्जन के लिए दे सकेंगे। प्रतिमाओं का पूजन करने के बाद विसर्जन की व्यवस्था की जाएगी।
निर्माल्य और प्रतिमाएं अलग रखी जाएंगी
महापौर मुकेश टटवाल के अनुसार, अस्थायी विसर्जन केंद्रों पर निर्माल्य और गणेश प्रतिमाओं को अलग-अलग रखा जाएगा। नगर निगम के विशेष निर्माल्य वाहन इन्हें प्रतिदिन सुरक्षित स्थानों और गार्बेज ट्रांसफर स्टेशनों तक पहुंचाएंगे।
हीरा मिल कुंड में बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन नहीं
कम बारिश के कारण हीरा मिल कुंड में फिलहाल करीब 5 से 6 फीट पानी है। ऐसे में यहां बड़ी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन नहीं किया जाएगा। श्रद्धालु छोटी प्रतिमाओं का विसर्जन कर सकेंगे। बड़ी प्रतिमाओं को यहां एकत्र कर विसर्जन रथ के माध्यम से केडी पैलेस कुंड तक ले जाया जाएगा।
शाम 6 बजे से चामुंडा चौराहे की ओर ट्रैफिक डायवर्जन
गणेश विसर्जन जुलूस और झांकियों को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। झांकियां शाम 8 बजे से चामुंडा चौराहे पर एकत्र होंगी और रात 10 बजे जुलूस रवाना होगा।
फ्रीगंज की ओर से आने वाले वाहनों को ग्रैंड होटल से चामुंडा चौराहे तथा देवासगेट-इंदौरगेट की ओर जाने के बजाय हनुमानदास पेट्रोल पंप होते हुए देवासगेट की ओर भेजा जाएगा।
कोयला फाटक से आने वाले चौपहिया वाहनों और ऑटो-रिक्शा को हीरा मिल कुंड, पाटीदार ब्रिज और आगे देवास रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। आगर और तराना से आने वाली यात्री बसों को देवासगेट बस स्टैंड की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी और उन्हें मंडी चौराहे पर ही यात्रियों को उतारना होगा।
हरिफाटक से चामुंडा माता होते हुए आगर रोड की ओर जाने वाले दोपहिया वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों को शांति पैलेस, इंजीनियरिंग कॉलेज और पांड्याखेड़ी होते हुए मंडी चौराहे की ओर भेजा जाएगा।




