कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत: जावरा-उज्जैन रोड पर हादसा, चालक वाहन छोड़कर फरार
जावरा-उज्जैन रोड पर ढाबला फंटा के पास चार पहिया वाहन ने बाइक को मारी टक्कर; हादसे में खेड़ला निवासी कालू बंजारा की मौके पर मौत, पुलिस ने वाहन जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू की

उज्जैन। भेरूगढ़ थाना क्षेत्र के जावरा-उज्जैन रोड पर गुरुवार रात करीब 11 बजे सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। ढाबला फंटा के पास एक चार पहिया वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में खेड़ला निवासी कालू पिता हेमा जी बंजारा की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चार पहिया वाहन चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने वाहन किया जब्त
हादसे की सूचना मिलने पर भेरूगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही चालक वाहन छोड़कर फरार हो चुका था। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल चार पहिया वाहन को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
भेरूगढ़ थाना प्रभारी शैलेंद्र प्रताप राजावत के अनुसार, दुर्घटना के समय बाइक पर केवल कालू सवार था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
फरार चालक की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों और फरार चालक की पहचान की जांच शुरू कर दी है। जब्त किए गए वाहन के आधार पर पुलिस चालक तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।




