बठिंडा में चोरी की दो वारदातें, घर से बच्चे के चांदी के कड़े और बाइक लेकर फरार हुए चोर
दोनों घटनाओं में संदिग्धों की गतिविधियां सीसीटीवी में कैद; दिनदहाड़े घर में घुसकर चोरी की वारदात से स्थानीय लोगों में रोष, पुलिस कर रही जांच

बठिंडा। बठिंडा में चोरी की दो अलग-अलग वारदातें सामने आई हैं। पहली घटना में एक संदिग्ध घर में घुसकर फ्रिज के ऊपर रखे बच्चे के चांदी के कड़े चोरी कर फरार हो गया, जबकि दूसरी घटना में चोर काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल लेकर भाग गया। दोनों घटनाओं में संदिग्धों की गतिविधियां सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई हैं। हालांकि, अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
घरों के बाहर बैठकर करता रहा रेकी
पहली वारदात किला मुबारक के पास सिंह सभा गुरुद्वारा वाली गली में हुई। सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति दिन के समय गली में आता दिखाई दे रहा है। वह कुछ देर एक घर के बाहर बनी थड़ी पर बैठकर आसपास की गतिविधियों पर नजर रखता है। इसके बाद वह आसपास के घरों के दरवाजे खोलने का प्रयास करता है।
दो घरों के दरवाजे अंदर से बंद होने के कारण वह उनमें दाखिल नहीं हो सका। इसके बाद वह दूसरी गली में पहुंचा, जहां एक घर का दरवाजा खुला देखकर अंदर चला गया। आरोप है कि उसने घर में फ्रिज के ऊपर रखे बच्चे के चांदी के कड़े उठाए और मौके से फरार हो गया।
दिनदहाड़े चोरी से स्थानीय लोगों में रोष
सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध घर से निकलकर किला मुबारक साहिब की तरफ जाता दिखाई देता है। दिनदहाड़े घर में घुसकर चोरी की इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष है। लोगों का कहना है कि अब दिन के समय भी घरों में चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
अमरपुरा बस्ती से बाइक चोरी
चोरी की दूसरी वारदात अमरपुरा बस्ती की गली नंबर-4 में हुई। यहां के निवासी परविंदर सिंह के अनुसार, 20 सितंबर 2026 को सुबह करीब 11:09 बजे एक व्यक्ति उनकी काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल चोरी कर ले गया। बाइक चोरी करने वाले की गतिविधियां भी सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई हैं।
दोनों घटनाओं की फुटेज सामने आने के बावजूद आरोपियों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है और आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।




