गंगा एक्सप्रेस-वे पर 100 की रफ्तार में पलटी थार, 4 की मौत; सगे भाइयों समेत परिवार के चार लोगों की गई जान
हापुड़ में भीषण हादसा, थार की छत अलग होकर दूर जा गिरी और बोनट चकनाचूर; बदायूं से दिल्ली जाते समय हुआ हादसा, एक युवक गंभीर घायल।

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में गंगा एक्सप्रेस-वे पर रविवार रात तेज रफ्तार थार बेकाबू होकर पलट गई, जिसमें सगे भाइयों समेत परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। हादसा सिंभावली थाना क्षेत्र में रात करीब 11:56 बजे हुआ। बताया गया कि थार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जा रही थी, इसी दौरान अचानक डगमगाने के बाद सड़क पर 5-6 बार पलटती हुई किनारे जा गिरी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन की छत टूटकर अलग हो गई और अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार में सवार लोग अंदर फंस गए थे, जिन्हें आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बाहर निकाला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पालपुर निवासी जोगेंद्र (26), मेवली निवासी सगे भाई सुखविंदर (25) और जसवंत (20) तथा पुरदलपुर निवासी रवि (20) को मृत घोषित कर दिया। पालपुर निवासी 17 वर्षीय विष्णु गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसका उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार मृतक और घायल आपस में रिश्तेदार थे। परिजनों ने बताया कि सभी रात करीब 9 बजे घर से दिल्ली जाने के लिए निकले थे। जोगेंद्र खेती-किसानी करते थे और थार उन्हीं की थी, जबकि रवि दिल्ली में नौकरी करता था और अन्य युवक भी दिल्ली में प्लास्टिक-पॉलिएस्टर बनाने का काम करते थे। मृतकों में सुखविंदर शादीशुदा थे। हादसे के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।




