gwalior

ग्वालियर-चंबल के 30 डीएलएड कॉलेजों में छात्र और शिक्षक नहीं मिले, 141 संस्थानों की जांच जारी

326 कॉलेजों में से पहले चरण में 141 का होगा भौतिक सत्यापन, कई संस्थानों में लटके मिले ताले; कमियां मिलने पर मान्यता समाप्त करने का प्रस्ताव भेजने की तैयारी

ग्वालियर। ग्वालियर-चंबल संभाग के डीएलएड कॉलेजों में फर्जीवाड़े और नियमों की अनदेखी की शिकायतों के बाद राज्य शिक्षा केंद्र ने जांच तेज कर दी है। पहले चरण में संभाग के 141 कॉलेजों का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। अब तक करीब 30 कॉलेजों की जांच में कई संस्थानों में न तो छात्र मिले और न ही शिक्षक। एक कॉलेज का पता तक नहीं चला, जबकि कुछ संस्थानों में ताले लटके मिले।

राज्य शिक्षा केंद्र की टीम कॉलेजों में भवन, शिक्षकों, छात्रों और उपलब्ध सुविधाओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। इसके आधार पर नियमों का उल्लंघन करने वाले कॉलेजों की मान्यता समाप्त करने के लिए सत्र 2027-28 से संबंधित प्रस्ताव एनसीटीई को भेजने की तैयारी है।

30 कॉलेजों की जांच में सामने आईं गंभीर कमियां

राज्य शिक्षा केंद्र की टीम ने पिछले चार महीनों में करीब 30 कॉलेजों का निरीक्षण किया है। जांच के दौरान कई संस्थानों में छात्रों और शिक्षकों की अनुपस्थिति सामने आई। कुछ कॉलेजों में केवल चौकीदार या प्राचार्य मिले, जबकि एक संस्थान बंद पाया गया।

18 सितंबर को ग्वालियर पहुंची टीम को निरीक्षण के दौरान विद्यावती डीएलएड कॉलेज नहीं मिला। अमर भारती कॉलेज में केवल चौकीदार मौजूद था। वहीं, राधा बल्लभ, एनआरवाय, अमरावती, वेंकटेश और एसआर कॉलेज में भी निरीक्षण के दौरान छात्र नहीं मिले।

सर्वधर्म डीएलएड कॉलेज में केवल प्राचार्य मौजूद मिलीं, जबकि आदर्श कॉलेज में ताला लटका हुआ था। नागाजी कॉलेज और एसवीआईटीएम में भी छात्र और शिक्षक अनुपस्थित मिले।

अमर भारती कॉलेज की संबद्धता पर भी उठे सवाल

अमर भारती शिक्षा महाविद्यालय में निरीक्षण के दौरान छात्र और शिक्षक नहीं मिलने के बावजूद बीएड की संबद्धता जारी रहने को लेकर जीवाजी विश्वविद्यालय की संबद्धता प्रक्रिया पर भी सवाल उठे हैं।

जानकारी के अनुसार, जीवाजी विश्वविद्यालय ने सत्र 2026-27 के लिए पहले कॉलेज की बीएड संबद्धता रोक दी थी, लेकिन बाद में संबद्धता जारी कर दी गई। ऐसे में कॉलेज की वास्तविक स्थिति और संबद्धता जारी करने की प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं।

जिलेवार 141 डीएलएड कॉलेजों की जांच

राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा पहले चरण में ग्वालियर-चंबल संभाग के 141 कॉलेजों का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। जिलेवार कॉलेजों की संख्या इस प्रकार है।

जिला डीएलएड कॉलेज
ग्वालियर 73
भिंड 35
मुरैना 22
शिवपुरी 6
दतिया 5
कुल 141

मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले कॉलेजों पर होगी कार्रवाई

राज्य शिक्षा केंद्र के अपर संचालक अरुण सिंह के अनुसार, शासन के निर्देश पर ग्वालियर-चंबल संभाग के डीएलएड कॉलेजों का निरीक्षण कराया जा रहा है। अब तक 30 कॉलेजों की जांच पूरी हो चुकी है। निरीक्षण के दौरान ज्यादातर कॉलेजों में छात्र और शिक्षक नहीं मिले हैं।

टीम कॉलेजों में उपलब्ध सुविधाओं, शिक्षकों और छात्रों की उपस्थिति के साथ निर्धारित मानकों का भौतिक सत्यापन कर रही है। जहां कमियां मिलेंगी, उनकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।

जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने वाले कॉलेजों की मान्यता समाप्त करने के लिए संबंधित प्रस्ताव एनसीटीई को भेजने की तैयारी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!