gwalior

ग्वालियर में चलती कार के बोनट में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

सिटी सेंटर में आनंद मार्ट के बाहर हुआ हादसा, कर्मचारी ने अग्निशामक यंत्र से आग पर पाया काबू; कोई जनहानि नहीं

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सोमवार रात सिटी सेंटर स्थित आनंद मार्ट के बाहर चलती स्विफ्ट कार में अचानक आग लग गई। कार के बोनट से धुआं और आग की लपटें निकलती देख चालक ने तुरंत गाड़ी रोक दी और बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात सिटी सेंटर इलाके में आनंद मार्ट के बाहर से स्विफ्ट कार (MP07 CG-6076) गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक कार के बोनट से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तत्काल कार रोक दी और सुरक्षित बाहर निकल गया।

आनंद मार्ट के कर्मचारी ने अग्निशामक यंत्र से बुझाई आग

कार में आग लगने की घटना देखकर आसपास मौजूद लोग और राहगीर मौके पर एकत्र हो गए। इसी दौरान आनंद मार्ट के एक कर्मचारी ने तत्परता दिखाते हुए दुकान में रखा अग्निशामक यंत्र उठाया और कार की ओर दौड़ा। कर्मचारी ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इससे कार को पूरी तरह जलने से बचा लिया गया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार के इंजन में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं हुई है। कार के मालिक की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

कुछ देर यातायात रहा प्रभावित

व्यस्त सिटी सेंटर इलाके में कार में आग लगने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के चलते सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ। बाद में स्थिति सामान्य हो गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और चालक भी सुरक्षित बच गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!