Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
gwalior

ग्वालियर में कारोबारी की दुकान और घर पर फायरिंग, शटर चीरकर अंदर घुसी गोली

ग्वालियर में कारोबारी की दुकान-घर पर फायरिंग, शटर चीरकर अंदर घुसी गोली

ग्वालियर के हजीरा थाना क्षेत्र में एक कारोबारी की बंद दुकान और मकान पर देर रात फायरिंग का मामला सामने आया है। बदमाशों की ओर से चलाई गई गोलियां दुकान के शटर को भेदकर अंदर तक पहुंच गईं। सुबह शटर में गोली के निशान और मौके पर पड़े कारतूस के खोखे मिलने के बाद घटना का पता चला।

वारदात गुरुवार देर रात चार शहर का नाका क्षेत्र के इंद्रानगर स्थित तेलीवाली बगिया में हुई। घटना के वक्त कारोबारी जयसिंह कुशवाह शहर से बाहर थे।

रात में परिजनों ने पत्थर गिरने की आवाज समझी

फायरिंग के दौरान घर में मौजूद परिजनों ने गोलियों की आवाज सुनी, लेकिन उन्हें लगा कि टीनशेड पर कोई पत्थर गिरा है। रात करीब ढाई बजे हुई इस घटना का सही अंदाजा परिवार को सुबह हुआ।

सुबह दुकान के शटर की जांच करने पर उसमें दो जगह गोली के निशान दिखाई दिए। एक गोली शटर को पार करते हुए दुकान के अंदर तक जा पहुंची थी।

कारोबारी व्यापार के सिलसिले में बाहर गए थे

पुलिस के अनुसार 58 वर्षीय जयसिंह कुशवाह इंद्रानगर के रहने वाले हैं और वेल्डिंग का व्यवसाय करते हैं। वह पिछले दो दिनों से व्यापारिक काम के सिलसिले में गोहद/गोरमी क्षेत्र में गए हुए थे।

सुबह करीब 6 बजे उनके बेटे मनोज ने फोन कर रात की घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद जयसिंह ग्वालियर पहुंचे और दुकान का निरीक्षण किया।

पुलिस को घटनास्थल से कारतूस के खोखे भी मिले हैं।

कारोबारी ने किसी रंजिश से किया इनकार

जयसिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी किसी व्यक्ति से दुश्मनी नहीं है। उन्होंने हाल के दिनों में किसी तरह के लेन-देन या विवाद की बात से भी इनकार किया।

ऐसे में दुकान और मकान को निशाना बनाकर फायरिंग क्यों की गई, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है।

कारोबारी ने आशंका जताई कि यदि रात के समय दुकान या मकान के निचले हिस्से में कोई व्यक्ति मौजूद होता तो गोली लगने से गंभीर जनहानि हो सकती थी।

CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही हजीरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार CCTV फुटेज से फायरिंग करने वाले लोगों की पहचान करने में मदद मिल सकती है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कारोबारी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।

हजीरा थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर के मुताबिक मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस कांचमिल क्षेत्र की एक अन्य वारदात से जुड़े नामजद आरोपियों समेत अन्य संदिग्धों की भी तलाश कर रही है।

फिलहाल फायरिंग के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान जांच का विषय है।

हमारे मठ
हम बोलते हैं सच, बिना डर
RNI NO. HARHIN/2023/90591

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!