शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप: ग्वालियर में 2 साल तक साथ रहा युवक, करीब 4 लाख रुपए लेने के बाद शादी का दबाव पड़ते ही फरार
पीड़िता का आरोप- शादी का भरोसा देकर दो साल तक संबंध बनाए और जरूरत बताकर पैसे लिए; मार्च 2026 में शादी का दबाव बढ़ने पर आरोपी गायब हुआ

ग्वालियर के पुरानी छावनी इलाके में एक युवती ने अपने परिचित युवक पर शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करने और करीब 4 लाख रुपए लेने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी करीब दो साल तक शादी का वादा कर उसके साथ रहा। जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गया।
युवती की शिकायत पर पुरानी छावनी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2024 में हुई थी मुलाकात
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, 22 वर्षीय युवती की वर्ष 2024 में मोतीझील स्थित दरगाह के पास रहने वाले अहसान खान से मुलाकात हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई और बाद में युवक ने शादी का भरोसा दिलाया।
पीड़िता के मुताबिक, शादी का वादा करने के बाद आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर भी वह शादी करने और जीवनभर साथ रहने का आश्वासन देता रहा।
दो साल में करीब 4 लाख रुपए लेने का आरोप
युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी ने अलग-अलग जरूरतों का हवाला देकर उससे पैसे लिए। पीड़िता के अनुसार, करीब दो साल की अवधि में युवक ने उससे लगभग 4 लाख रुपए ले लिए।
पीड़िता ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपी की बहन को दोनों के संबंध और शादी के वादे की जानकारी थी। युवती के मुताबिक, वह भी दोनों की शादी कराने का भरोसा देती रही।
शादी के लिए दबाव बनाया तो मार्च में हुआ फरार
पीड़िता के अनुसार, जब उसने आरोपी पर शादी करने के लिए दबाव बनाना शुरू किया तो मार्च 2026 में वह अचानक उसे छोड़कर गायब हो गया।
युवती ने काफी समय तक अपने स्तर पर आरोपी की तलाश की। बाद में वह उसकी बहन के पास पहुंची, लेकिन वहां से भी उसे आरोपी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।
पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
इसके बाद युवती ने पुरानी छावनी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अहसान खान के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
थाना प्रभारी डॉ. संतोष सिंह यादव के अनुसार, आरोपी फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले में शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।




