हरियाणा में 9 जिलों में आज बारिश के आसार, 2 सितंबर से सक्रिय होगा मानसून: पंचकूला-अंबाला समेत 3 जिलों में यलो अलर्ट; हिसार सबसे गर्म
2 सितंबर से बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां, 3-4 सितंबर को कई जिलों में मध्यम से तेज बारिश के आसार; पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर के लिए यलो अलर्ट

हिसार। हरियाणा में उमस और तेज धूप के बीच मौसम विभाग ने राहत की संभावना जताई है। प्रदेश में 2 सितंबर से मानसून के फिर सक्रिय होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 1 सितंबर को कई जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि अगले दो दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत और गुरुग्राम समेत कई जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। वहीं हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है।
2 सितंबर से बढ़ेगी मानसून की सक्रियता
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून ट्रफ की अक्षीय रेखा की उत्तरी सीमा अमृतसर, नजीबाबाद, हरदोई, सुल्तानपुर, डालटेनगंज और पूर्णिया से होते हुए उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इसके अलावा पाकिस्तान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी बना हुआ है।
इन मौसमी परिस्थितियों के चलते 2 सितंबर से हरियाणा में मानसून की सक्रियता बढ़ने की संभावना है। प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
3 और 4 सितंबर को तेज बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 3 और 4 सितंबर को मानसून ज्यादा सक्रिय रह सकता है। उत्तरी हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है।
वहीं पानीपत और सोनीपत समेत दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। कुरुक्षेत्र, कैथल और आसपास के इलाकों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में यलो अलर्ट
2 सितंबर को पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों को बारिश के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
हिसार रहा प्रदेश में सबसे गर्म
बारिश की गतिविधियों के बावजूद प्रदेश में दिन का तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। पिछले दिन की तुलना में हरियाणा के औसत अधिकतम तापमान में करीब 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
प्रदेश में हिसार सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फरीदाबाद में 36.1 डिग्री और बालसमंद में 37.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
रात के तापमान में भी मामूली गिरावट
प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में भी करीब 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। रात का तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है।
गुरुग्राम में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि भिवानी में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा।




