मध्य प्रदेश

झांसी में पत्नी की हत्या के आरोपी पति को फांसी देने की मांग, मां बोली- बेटी को प्रताड़ित करता था दामाद

लव मैरिज के 24 दिन बाद तोड़ दिया था मोबाइल, शक के चलते करता था मारपीट; 25 हजार का इनामी आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

झांसी। झांसी में 27 वर्षीय शिवानी उर्फ सुधा वंशकार की हत्या के मामले में उसकी मां रेखा वंशकार ने आरोपी दामाद यश ठाकुर को फांसी की सजा देने की मांग की है। मां का आरोप है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद यश ने शिवानी पर शक करना शुरू कर दिया था। वह उसके साथ मारपीट करता था और उसे घर में बंद रखता था। 30 अगस्त की रात शिवानी की गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने शुक्रवार देर रात मुठभेड़ के बाद आरोपी यश को गिरफ्तार कर लिया। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

डेढ़ साल पहले की थी लव मैरिज

शिवानी मध्यप्रदेश के दतिया जिले के इंदरगढ़ की रहने वाली थी। उसकी मुलाकात ग्वालियर में पढ़ाई के दौरान यश ठाकुर से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और करीब डेढ़ साल पहले उन्होंने लव मैरिज कर ली। शादी के बाद शिवानी ग्वालियर में पति के साथ रहने लगी। यश कपड़ों की दुकान पर काम करता था।

शिवानी की मां रेखा के मुताबिक, शादी के महज 24 दिन बाद ही यश ने बेटी का मोबाइल तोड़ दिया था। इसके बाद भी दोनों के बीच झगड़े और मारपीट का सिलसिला जारी रहा।

मारपीट और घर में बंद रखने का आरोप

मां रेखा ने आरोप लगाया कि यश शिवानी के साथ मारपीट करता था। एक बार उसने बेटी को हॉकी से पीटा था। जब परिवार शिवानी को अपने साथ ले जाने लगा तो यश ने बंदूक तानकर उसे घर से बाहर निकालने पर जान से मारने की धमकी दी।

रेखा का यह भी आरोप है कि यश और उसकी मां शिवानी को जातिसूचक ताने देते थे और दहेज की मांग करते थे। परिवार ने अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार शादी में सामान दिया था, लेकिन उनकी मांगें पूरी नहीं कर सका। मां के अनुसार, शिवानी को खर्च के लिए भी मायके से पैसे भेजने पड़ते थे।

झांसी में किराए के मकान में रहने लगी थी शिवानी

लगातार मारपीट और शक से परेशान होकर शिवानी करीब तीन महीने पहले झांसी आकर रहने लगी थी। उसने आवास विकास फौजी तिराहे के पास किराए पर कमरा लिया था। उसकी बहन मुस्कान और भाई अनिकेत भी उसके साथ रहते थे। यश कभी-कभी झांसी आता था।

शिवानी की बहन मुस्कान के अनुसार, 30 अगस्त की रात शिवानी और यश के बीच झगड़ा हुआ था। विवाद के दौरान यश ने परिवार के बारे में आपत्तिजनक बातें कीं। बाद में परिवार के एक सदस्य ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराया।

रात में बैग लेकर गया, कमरे के बाहर लगा दी कुंडी

मुस्कान ने बताया कि रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच यश ने उसके कमरे का दरवाजा खटखटाकर अपना बैग मांगा। इसके बाद उसने मुस्कान के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी। सुबह करीब पांच बजे मुस्कान ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा नहीं खुला।

करीब आधे घंटे तक आवाज लगाने के बावजूद उसे कोई जवाब नहीं मिला। सुबह लगभग नौ बजे भाई अनिकेत घर पहुंचा। उसने दोनों कमरों की बाहर से बंद कुंडियां खोलीं। शिवानी के कमरे में उसकी लाश पड़ी थी। परिवार के लोग उसे मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम में गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई।

पुलिस मुठभेड़ में पैर में लगी गोली

एसपी सिटी प्रीति सिंह के अनुसार, हत्या के बाद से पुलिस आरोपी यश ठाकुर की तलाश कर रही थी। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। शुक्रवार देर रात करीब एक बजे पुलिस को सूचना मिली कि यश स्कूटी से झांसी आया है।

इसके बाद SWAT टीम और सीपरी बाजार पुलिस ने सिमरधा गांव के पास घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा देखकर यश ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।

मां बोली- बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए लड़ेंगे

शिवानी की मां रेखा वंशकार ने आरोपी दामाद के लिए फांसी की सजा की मांग की है। वहीं, बहन मुस्कान ने भी आरोपी को उम्रकैद या फांसी देने की मांग की है। परिवार का कहना है कि वे शिवानी को न्याय दिलाने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!