उज्जैन

माधवानंद आश्रम की भूमि पर हो रहा था अवैध निर्माण: 3 घंटे में सिंहस्थ की 10 हजार वर्गफीट जमीन अतिक्रमण मुक्त

लाल पुल क्षेत्र में दो मंजिला निर्माण को दो पोकलेन और चार जेसीबी से हटाया; निगम ने कहा- सिंहस्थ की आरक्षित भूमि पर अनधिकृत निर्माण स्वीकार नहीं

उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच नगर निगम ने सिंहस्थ मेला क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की। लाल पुल क्षेत्र में सिंहस्थ के लिए आरक्षित भूमि पर बिना अनुमति बनाए जा रहे माधवानंद आश्रम के दो मंजिला भवन को निगम की टीम ने ढहा दिया।

करीब 10 हजार वर्गफीट क्षेत्र में बन रहे भवन को हटाने के लिए दो पोकलेन और चार जेसीबी मशीनों का इस्तेमाल किया गया। कार्रवाई करीब तीन घंटे चली। मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।

बिना अनुमति बन रहा था दो मंजिला भवन

नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, सिंहस्थ क्षेत्र की आरक्षित भूमि पर माधवानंद आश्रम की ओर से बिना अनुमति दो मंजिला भवन का निर्माण किया जा रहा था। निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण को हटाने की कार्रवाई की।

अधिकारियों ने बताया कि सिंहस्थ क्षेत्र में अवैध निर्माण हटाने को लेकर न्यायालय के आदेश भी हैं। इसी के तहत यह कार्रवाई की गई।

सिंहस्थ की जमीन पर अनधिकृत निर्माण स्वीकार नहीं

निगम के भवन अधिकारी राजकुमार राठौर ने बताया कि सिंहस्थ क्षेत्र की भूमि सिंहस्थ महापर्व के दौरान व्यवस्थाओं और जरूरी बुनियादी ढांचे के लिए आरक्षित है।

उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में बिना अनुमति स्थायी या अस्थायी निर्माण और भूमि का अनधिकृत उपयोग स्वीकार नहीं किया जाएगा। निगम द्वारा सिंहस्थ क्षेत्र में ऐसे निर्माणों की निगरानी और कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।

खजूर वाली मस्जिद से गणेश चौक तक सड़क होगी 15 मीटर चौड़ी

नगर निगम शहर में सड़क चौड़ीकरण की योजना पर भी काम कर रहा है। खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा, जीवाजीगंज थाना होते हुए गणेश चौक तक करीब 730 मीटर लंबी सड़क को 15 मीटर चौड़ा किया जाएगा।

इस परियोजना पर करीब 9.80 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। सड़क चौड़ीकरण से कुल 272 भवन प्रभावित होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!