मुरादाबाद में लकड़ी की फैक्ट्री में भीषण आग: 2 किमी दूर तक दिखा धुएं का गुबार, आसपास का इलाका कराया खाली
मुरादाबाद के कटघर क्षेत्र में आरएच इंटरनेशनल फैक्ट्री में आग लगी। 10 से ज्यादा दमकल वाहन मौके पर पहुंचे, रामपुर से भी फायर टेंडर बुलाए गए। शुरुआती जानकारी में शॉर्ट सर्किट की बात सामने आई है

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में सोमवार दोपहर एक लकड़ी की फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। करीब 20 फीट ऊंची लपटें उठती दिखाई दीं, जबकि धुएं का गुबार लगभग 2 किलोमीटर दूर से नजर आया।
धुआं इतना घना था कि आसपास मौजूद लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास का इलाका खाली कराया।
10 से ज्यादा दमकल वाहन मौके पर
आग की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। 10 से ज्यादा फायर टेंडर आग बुझाने में जुटे रहे।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पांडेय के मुताबिक, आग की भयावहता को देखते हुए रामपुर से भी दमकल की गाड़ियां बुलानी पड़ीं।
फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में थिनर, पेंट, केमिकल और सूखी लकड़ी का सामान रखा था। ज्वलनशील सामग्री की वजह से आग तेजी से फैल गई।
रामपुर दोराहे के पास है फैक्ट्री
यह फैक्ट्री कटघर थाना क्षेत्र में रामपुर दोराहे के पास स्थित है। फैक्ट्री का नाम आरएच इंटरनेशनल बताया गया है और इसके मालिक का नाम तस्लीम है।
यहां लैंप, प्रीमियम कर्टेन रॉड्स, डिजाइनर फर्नीचर और मेटल हैंडीक्राफ्ट तैयार किए जाते हैं। तैयार उत्पादों की विदेशों में भी सप्लाई की जाती है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फैक्ट्री में आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। बताया गया कि करीब 11 बजे फैक्ट्री परिसर में अचानक धुआं दिखाई दिया, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री में मौजूद सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं। दमकल विभाग की टीम ने आग पर करीब 90 प्रतिशत तक काबू पाने का दावा किया है।
हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण और इससे हुए नुकसान का पूरा आकलन अभी नहीं हो पाया है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
फैक्ट्री में रखा सामान जला
आग की चपेट में आने से फैक्ट्री के अंदर रखा काफी सामान जल गया। ज्वलनशील सामग्री और लकड़ी होने के कारण आग बुझाने में दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पाने और नुकसान का आकलन करने का काम जारी है। प्रशासन की ओर से आग के कारणों और फैक्ट्री में सुरक्षा इंतजामों की भी जांच की जा सकती है।




