Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
Dabwali

नशे से दूरी, खेलों से नाता—गांव गंगा में पुलिस की विशेष पहल

नशा मुक्ति कमेटी, ग्राम पंचायत और स्कूल स्टाफ के सहयोग से खेल प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम

डबवाली। पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में डबवाली पुलिस की ओर से युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें खेलों व सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से गांव गंगा में नशा मुक्ति अभियान के तहत खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम डबवाली पुलिस, गांव गंगा की नशा मुक्ति कमेटी, ग्राम पंचायत और स्कूल स्टाफ के संयुक्त सहयोग से आयोजित हुआ, जिसमें राजकीय स्कूल तथा गुरु नानक प्राइवेट स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों के लिए 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ करवाई गई, जिसमें बच्चों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विजेता रहने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित रूप से खेल गतिविधियों में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस प्रवक्ता उप निरीक्षक आनंद कुमार ने बताया कि डबवाली पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ-साथ युवाओं को जागरूक करने और उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने पर भी विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि गांव गंगा की नशा मुक्ति कमेटी, ग्राम पंचायत और शिक्षण संस्थानों के सहयोग से आयोजित किए जा रहे ऐसे कार्यक्रम युवाओं को नशे से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर उनके भविष्य को बेहतर दिशा दी जा सकती है। पुलिस का मानना है कि नशामुक्त डबवाली का लक्ष्य केवल पुलिस कार्रवाई से हासिल नहीं किया जा सकता, बल्कि इसके लिए परिवार, शिक्षक, अभिभावक, युवा और पूरे समाज की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। युवाओं को सकारात्मक वातावरण उपलब्ध करवाना और उनकी ऊर्जा को खेल तथा शिक्षा की ओर लगाना नशामुक्त समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। डबवाली पुलिस ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि “नशे को ना, खेलों को हां—युवा शक्ति बनेगी नशामुक्त समाज की पहचान।” पुलिस ने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें, अपने साथियों को भी इसके प्रति जागरूक करें और स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही आमजन से अपील की गई कि नशे के सेवन, तस्करी अथवा नशे से जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत मानस पोर्टल, हेल्पलाइन नंबर 1933, डबवाली पुलिस के मोबाइल नंबर 9138999748 अथवा नजदीकी थाना या चौकी में सूचना दें। पुलिस ने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!