पितृ पक्ष के पहले दिन कन्हर नदी के घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
रामानुजगंज में श्रद्धालुओं ने किया तर्पण और पिंडदान, पूर्वजों को श्रद्धापूर्वक किया याद

रामानुजगंज। पितृ पक्ष के पहले दिन रामानुजगंज में कन्हर नदी के तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने मां महामाया मंदिर छठ घाट और प्राचीन शिव मंदिर घाट पर पहुंचकर विधि-विधान से पितरों का तर्पण और पिंडदान किया। सुबह से ही दोनों घाटों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।
तर्पण और पिंडदान कर किया पूर्वजों का स्मरण
रामानुजगंज और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग कन्हर नदी के तट पर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने अपने पूर्वजों को याद करते हुए धार्मिक परंपराओं के अनुसार तर्पण और पिंडदान किया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पितृ पक्ष में पूर्वजों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने और उनके निमित्त दान-पुण्य करने का विशेष महत्व है।
पुजारी ने बताया पितृ पक्ष का महत्व
मां महामाया मंदिर के पुजारी जितेंद्र पांडे ने पितृ पक्ष के धार्मिक महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपनी सामर्थ्य के अनुसार पितरों का तर्पण, पूजन और दान करने की अपील की।
नगर पालिका ने किए जरूरी इंतजाम
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए नगर पालिका की ओर से दोनों घाटों पर साफ-सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की गईं, ताकि धार्मिक अनुष्ठान के दौरान लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।




