पटना में जाम रोकने की तैयारी, ऑटो को मिलेगा जोन आधारित परमिट
जीरोमाइल बाइपास, जीपीओ गोलंबर और स्टेशन क्षेत्र पर विशेष निगरानी; नो-पार्किंग में सख्ती और बिना निबंधन वाले ऑटो पर कार्रवाई के निर्देश

पटना में बढ़ती यातायात समस्या और लगातार लग रहे जाम को नियंत्रित करने के लिए प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार ने समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए। जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि वाहनों की बढ़ती संख्या और सड़कों पर अतिक्रमण के कारण शहर के कई इलाकों में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। आयुक्त ने सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने, बसों और ऑटो के लिए निर्धारित स्टॉप पर ही ठहराव सुनिश्चित करने तथा नो-पार्किंग क्षेत्रों में सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर चालान के साथ जरूरत पड़ने पर जब्ती की कार्रवाई करने, जांच अभियान तेज करने और प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने को कहा गया। बिना निबंधन चल रहे ऑटो और कम उम्र के चालकों पर भी प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। जीरोमाइल बाइपास, जीपीओ गोलंबर और स्टेशन क्षेत्र में जाम की स्थिति पर विशेष निगरानी रखने के साथ ऑटो संचालन को व्यवस्थित करने के लिए जोन आधारित परमिट व्यवस्था लागू करने की तैयारी है। इसके अलावा मोबाइल एप के माध्यम से व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़कों पर ठेला-दुकानों के कारण होने वाले अतिक्रमण को कम करने के लिए वेंडिंग जोन विकसित कर उन्हें निर्धारित स्थानों पर स्थानांतरित करने पर भी जोर दिया गया।




