सीएम योगी ने रविकिशन की चुटकी ली, बोले- कहीं फिर ट्रोल न हो जाएं, इसलिए पूरा नहीं किया भाषण
गोरखपुर में मीडिया संस्थान के कार्यक्रम में सांसद रविकिशन पर किया मजाकिया कटाक्ष, बच्चों को मेहनत, पढ़ाई और निरंतर प्रयास का दिया संदेश

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को अपने तीन दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचे। दोपहर बाद उन्होंने दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज में आयोजित एक मीडिया संस्थान के कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने सांसद और अभिनेता रविकिशन की चुटकी लेते हुए कहा कि उन्होंने अपना भाषण पूरा नहीं किया। उन्हें डर था कि कहीं फिर से ट्रोल न हो जाएं।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मेडल पाने वाले विद्यार्थियों का जिक्र करते हुए कहा कि पुरस्कार हासिल करने में बेटियां आगे रहीं, जबकि बेटे पीछे रह गए। उन्होंने इसी संदर्भ में रविकिशन के भाषण अधूरा छोड़ने पर मजाकिया टिप्पणी की। योगी ने कहा कि शायद उन्हें लगा कि बेटियां ही बाजी मार रही हैं और कहीं फिर से ट्रोल न हो जाएं। बच्चों के उत्साह के सामने उनकी हिम्मत जवाब दे गई।
बच्चों से पूछा- रविकिशन की तरह कितने लोग कलाकार बनना चाहते हैं?
मुख्यमंत्री ने बच्चों से पूछा कि उनमें से कितने लोग रविकिशन की तरह कलाकार बनना चाहते हैं। इस पर पीछे बैठे कई बच्चों ने हाथ उठाया। योगी ने कहा कि रविकिशन भी इसी तरह पढ़ाई करते थे। उन्होंने सांसद से बच्चों को शूटिंग स्थल पर ले जाने का आग्रह किया। इस पर रविकिशन ने अगले महीने बच्चों को शूटिंग स्थल पर ले जाने की बात कही।
बच्चों को कविता सुनाकर दिया मेहनत का संदेश
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों को कविता सुनाकर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए संघर्ष और लगातार प्रयास जरूरी है। उन्होंने कविता की पंक्तियां सुनाईं:
नींद चैन की त्यागो तुम, संघर्ष का मैदान छोड़कर मत भागो तुम।
कुछ किए बिना ही जय-जयकार नहीं होती, और कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती।
मुख्यमंत्री ने बच्चों को छुट्टियों में घूमने और अपने रिश्तेदारों के घर जाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि माता-पिता सक्षम हैं तो बच्चों को देश भ्रमण पर भी जाना चाहिए, ताकि वे नई जगहों और वहां की संस्कृति से सीख सकें।
बच्चों के लिए हिंदी और अंग्रेजी का अखबार पढ़ना जरूरी
योगी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते प्रभाव का जिक्र करते हुए कहा कि अच्छी पुस्तकें बच्चों में सवाल पूछने की क्षमता विकसित करती हैं। उन्होंने बताया कि बेसिक और माध्यमिक शिक्षा परिषद से बच्चों के लिए समाचार पत्र मंगवाने को कहा गया है।
उन्होंने कहा कि बचपन में उन्हें हिंदी और अंग्रेजी के अखबार पढ़ने के लिए प्रेरित किया जाता था। उस समय संसाधनों की कमी थी, लेकिन उपलब्ध साधनों का भरपूर उपयोग किया जाता था। आज संसाधनों की कमी नहीं है। ऐसे में बच्चों को आगे बढ़ने के लिए इच्छाशक्ति और मेहनत की जरूरत है।
योगी ने पुलिस भर्ती और कानून-व्यवस्था का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में कई चुनौतियां थीं और महीनों तक दंगे होते थे। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार बनने के समय यूपी पुलिस में करीब दो लाख पद खाली थे।
योगी ने कहा कि सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में सुधार करते हुए उसे पारदर्शी बनाया और प्रशिक्षण की क्षमता बढ़ाई। उनके अनुसार, पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। यूपी पुलिस में दो लाख 30 हजार से अधिक भर्तियां हुई हैं। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया पर सवाल न उठने की बात भी कही।
साढ़े नौ साल में अर्थव्यवस्था तीन गुना बढ़ने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था तीन गुना बढ़ी है। उनके मुताबिक, प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं रहा और देश की अर्थव्यवस्था के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने उत्तर प्रदेश को देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल बताया।
उन्होंने एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि टेराकोटा को भी इसका हिस्सा बनाया गया है। इससे स्थानीय उत्पादों को पहचान और बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिली है।
योगी ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का जिक्र करते हुए बताया कि इसमें 2,400 से अधिक प्रदर्शक शामिल हुए हैं और 90 देशों के लोग खरीदारी के लिए पहुंचे हैं। उन्होंने एक दिन में डेढ़ लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की जानकारी भी दी।
यूपी में 103 से बढ़कर 24 हजार से अधिक हुए स्टार्टअप
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या बढ़ने का दावा करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में 103 स्टार्टअप थे, जबकि अब इनकी संख्या 24 हजार से अधिक हो गई है।
उन्होंने युवाओं से नौकरी तलाशने के साथ-साथ रोजगार देने वाला बनने का आह्वान किया। योगी ने कहा कि युवाओं को अपनी रुचि के अनुसार एक क्षेत्र चुनकर पूरी मेहनत से आगे बढ़ना चाहिए और सफलता मिलने तक लगातार प्रयास करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं को सहयोग दे रही है।
दिवंगत अधिवक्ता के आवास पर पहुंचकर दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने दाउदपुर स्थित वरिष्ठ अधिवक्ता दिवंगत कृष्ण गोपाल पांडेय के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।




