Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
Dabwali

सालम खेड़ा हत्याकांड में 8 माह से फरार 7वां आरोपी गिरफ्तार

थाना औढ़ा पुलिस की कार्रवाई; वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद, आरोपी गुरविंदर सिंह को कोर्ट में किया जाएगा पेश

डबवाली, 11 सितंबर। पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर के निर्देशन में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना औढ़ा पुलिस को हत्या के मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 8 माह से अधिक समय से फरार चल रहे सातवें आरोपी गुरविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद की है।

पुलिस प्रवक्ता उप निरीक्षक आनंद कुमार ने बताया कि 29 दिसंबर 2025 को हरमेल सिंह निवासी देसूजोधा की शिकायत पर गांव सालम खेड़ा में उसके भाई गुरमेल सिंह पर हथियारों से हमला कर हत्या करने के आरोप में थाना औढ़ा में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 191(3) और 190 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

सीसीटीवी और तकनीकी विश्लेषण से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीआईए स्टाफ डबवाली और थाना औढ़ा की टीमों ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण करने के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी।

पुलिस ने 2 जनवरी 2026 को आरोपी हैप्पी सिंह को गिरफ्तार किया। इसके बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए 4 जनवरी 2026 को पांच अन्य आरोपियों जसदीप सिंह, हरप्रीत सिंह उर्फ हैरी, गगनदीप सिंह, सुखविंदर और हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद की।

सातवां आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में

पुलिस टीमों ने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे सातवें आरोपी गुरविंदर सिंह को भी अब गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को अदालत में पेश कर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि वांछित एवं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है और गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!