दिल्ली से चोरी मोटरसाइकिल के साथ डबवाली में आरोपी गिरफ्तार
एवीटी/स्पेशल स्टाफ की कार्रवाई, एक साल पहले मालवीय नगर से चोरी हुई थी स्प्लेंडर प्लस
डबवाली, 11 सितंबर। पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर (आईपीएस) के नेतृत्व में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी व्हीकल थेफ्ट (एवीटी)/स्पेशल स्टाफ डबवाली को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने दिल्ली से करीब एक साल पहले चोरी किए गए मोटरसाइकिल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता उप निरीक्षक आनंद कुमार ने बताया कि 10 सितंबर 2026 को एवीटी/स्पेशल स्टाफ डबवाली प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान डीएवी स्कूल, चौटाला रोड के पास पुलिस ने एक व्यक्ति को मोटरसाइकिल सहित काबू किया।
पूछताछ के दौरान आरोपी मोटरसाइकिल से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल की जांच की। जांच में सामने आया कि स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल 16 अगस्त 2025 को थाना मालवीय नगर, साउथ दिल्ली क्षेत्र से चोरी हुआ था।
चोरी के वाहन को लेकर मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी की पहचान मनदीप सिंह के रूप में की है। चोरी का मोटरसाइकिल रखने के आरोप में उसके खिलाफ थाना शहर डबवाली में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी को अदालत में पेश कर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस चोरी के वाहन से संबंधित अन्य तथ्यों और आरोपी के संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है।




