ट्रेनी DSP से मारपीट, कार में तोड़फोड़
गणेश विसर्जन जुलूस में साइड देने को लेकर विवाद; करीब 12 युवकों पर हमला करने का आरोप, 6 हिरासत में

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में गणेश विसर्जन के दौरान ट्रेनी DSP और दरिमा थाना प्रभारी निशांत कुर्रे से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि साइड देने को लेकर हुए विवाद के बाद करीब 12 युवकों ने उनके साथ मारपीट की और उनकी निजी कार में तोड़फोड़ कर दी। मामले में पुलिस ने 6 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना मणिपुर थाना क्षेत्र की है।
जुलूस के कारण सड़क पर लगा था जाम
जानकारी के मुताबिक, निशांत कुर्रे गुरुवार रात करीब 10 बजे दरिमा से अंबिकापुर लौट रहे थे। कंठी और जगदीशपुर के बीच गणेश विसर्जन का जुलूस DJ के साथ निकाला जा रहा था, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।
बताया गया है कि ट्रेनी DSP ने जुलूस में शामिल लोगों से वाहन को साइड देने और रास्ता व्यवस्थित करने को कहा। इसी दौरान कुछ युवकों से उनकी बहस हो गई और विवाद बढ़ गया।
कार के शीशे तोड़े
पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर करीब 12 युवकों ने निशांत कुर्रे के साथ मारपीट की। इस दौरान उनकी निजी कार में भी तोड़फोड़ की गई और वाहन के शीशे तोड़ दिए गए। घटना में ट्रेनी DSP को मामूली चोटें आई हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मणिपुर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर 6 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस ने दर्ज किया केस
अंबिकापुर SDOP राकेश बघेल के अनुसार, दरिमा थाना प्रभारी इलाके के दौरे पर थे। रास्ता जुलूस और DJ के कारण बाधित था। उन्होंने जुलूस में शामिल युवकों को रास्ता देने और व्यवस्था बनाए रखने की समझाइश दी थी। इसी दौरान उन पर हमला किया गया।
पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हिरासत में लिए गए युवकों से घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है।




