10 हजार रुपए रिश्वत लेते नगर निगम का क्लर्क गिरफ्तार
भवन नवीनीकरण का काम कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप; बिलासपुर नगर निगम में ACB ने ट्रैप कर पकड़ा
बिलासपुर। बिलासपुर नगर निगम में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए संपदा शाखा में पदस्थ कर्मचारी लक्ष्मीकांत कोका को 10 हजार रुपए की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा। आरोप है कि उसने राजकिशोर नगर निवासी एक व्यक्ति से मकान नवीनीकरण से जुड़े काम को आगे बढ़ाने के बदले रिश्वत मांगी थी।
शिकायत के बाद ACB ने बिछाया जाल
जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता अपने मकान के नवीनीकरण से संबंधित काम के लिए नगर निगम पहुंचा था। आरोप है कि इसी काम को कराने के एवज में कर्मचारी ने उससे 10 हजार रुपए की मांग की।
रिश्वत की मांग से परेशान शिकायतकर्ता ने ACB में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का सत्यापन किए जाने के बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई और शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय पहुंची। कार्रवाई के दौरान कर्मचारी को कथित तौर पर रिश्वत लेते पकड़ लिया गया।
सामान्य सभा की बैठक के बीच कार्रवाई
ACB की कार्रवाई उस समय हुई, जब नगर निगम कार्यालय में सामान्य सभा की बैठक चल रही थी। टीम ने आरोपी कर्मचारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
मामले में ACB की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


