उज्जैन में पंचायत चुनाव आज, 4 सरपंच पदों के लिए 12 प्रत्याशी मैदान में
587 पंच पदों के लिए केवल 3 नामांकन, तीनों निर्विरोध चुने जाएंगे; 26 मतदान केंद्रों पर 13,623 मतदाता करेंगे मतदान

उज्जैन। उज्जैन जिले के तराना क्षेत्र में रिक्त ग्राम पंचायत और जनपद सदस्य पदों के लिए आज मतदान होगा। चार ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए कुल 12 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जबकि जनपद पंचायत तराना के वार्ड क्रमांक 25 में सदस्य पद के लिए दो प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा। वहीं, पंच के 587 रिक्त पदों के लिए केवल तीन नामांकन प्राप्त हुए हैं। इन तीनों का निर्विरोध निर्वाचन होगा और शेष पदों पर चुनाव नहीं होगा।
चुनाव में निर्वाचित होने वाले सरपंच, जनपद सदस्य और पंचों को करीब 6 से 7 महीने ही काम करने का अवसर मिलेगा। ग्राम पंचायतों का पांच वर्षीय कार्यकाल अगस्त 2027 में पूरा होना है। चुनाव की मतगणना 3 अक्टूबर को संबंधित जनपद पंचायत मुख्यालयों पर होगी।
चार ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 12 प्रत्याशी
जिले की चार ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए अलग-अलग संख्या में प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
- नाग गुराड़िया: महिदपुर जनपद की इस पंचायत में सरपंच पद के लिए 3 प्रत्याशी मैदान में हैं।
- कचनारिया: उज्जैन जनपद की इस पंचायत में 2 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
- चिरोला: खाचरौद जनपद की इस पंचायत में 3 प्रत्याशी मैदान में हैं।
- खरसोदखुर्द: बड़नगर जनपद की इस पंचायत में सरपंच पद के लिए 4 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
इस तरह चारों ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए कुल 12 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
तराना जनपद सदस्य पद के लिए दो प्रत्याशियों में मुकाबला
जनपद पंचायत तराना के वार्ड क्रमांक 25 में सदस्य पद के लिए दो प्रत्याशियों के बीच चुनावी मुकाबला होगा। इस वार्ड के लिए 12 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां कुल 6,225 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।
26 मतदान केंद्रों पर 13,623 मतदाता करेंगे मतदान
चार ग्राम पंचायतों और तराना जनपद सदस्य पद के चुनाव के लिए कुल 26 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। चुनाव में कुल 13,623 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे।
पंच के 587 रिक्त पदों में से केवल तीन पदों के लिए नामांकन प्राप्त हुए हैं। तीनों प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन होगा। शेष पदों पर प्रत्याशी नहीं होने के कारण मतदान नहीं कराया जाएगा। ईवीएम के माध्यम से केवल सरपंच और जनपद सदस्य पदों के लिए वोट डाले जाएंगे।
3 अक्टूबर को होगी मतगणना
मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद 3 अक्टूबर को संबंधित जनपद पंचायत मुख्यालयों पर मतगणना की जाएगी। इसके बाद चुनाव परिणाम घोषित होंगे। निर्वाचित प्रतिनिधियों को पंचायतों के शेष कार्यकाल के दौरान जिम्मेदारी संभालने का मौका मिलेगा।




