हेलमेट पहनकर वाहन चलाने वालों को मिली चॉकलेट, नियम तोड़ने वालों के काटे चालान
उज्जैन में यातायात पुलिस का विशेष अभियान; हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने वालों को चाबी के छल्ले देकर किया प्रोत्साहित

उज्जैन। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उज्जैन यातायात पुलिस की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। रविवार को भरतपुरी तिराहे पर पुलिस ने हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल को लेकर वाहन चालकों को जागरूक किया।
अभियान के दौरान हेलमेट पहनकर दोपहिया वाहन चलाने और सीट बेल्ट लगाकर चार पहिया वाहन चलाने वाले लोगों को पुलिस अधिकारियों ने चॉकलेट और चाबी के छल्ले देकर प्रोत्साहित किया।
नियम मानने वालों को किया प्रोत्साहित
यातायात पुलिस ने अभियान के दौरान वाहन चालकों को समझाया कि हेलमेट और सीट बेल्ट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में जान बचाने के लिए बेहद जरूरी हैं।
नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को मौके पर ही प्रोत्साहित किया गया। पुलिस के इस अनोखे तरीके का उद्देश्य लोगों में यातायात नियमों को लेकर सकारात्मक जागरूकता पैदा करना रहा।
नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई
अभियान के दौरान जिन वाहन चालकों ने हेलमेट या सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं किया, उनके खिलाफ यातायात नियमों के तहत चालान की कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें और कार में सफर करते समय सीट बेल्ट का इस्तेमाल करें।
पुलिस अधिकारियों ने संभाली कमान
भरतपुरी तिराहे पर चलाए गए अभियान में एसपी प्रदीप शर्मा, एएसपी ट्रैफिक मनोज कुमार खत्री, डीएसपी दिलीप सिंह परिहार सहित टीआई राकेश तिवारी और सौरभ शुक्ला मौजूद रहे।
यातायात पुलिस का कहना है कि इस तरह के जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि शहर में यातायात नियमों का पालन बढ़े और सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके।
हमारे मठ | RNI NO. HARHIN/2023/90591




