उज्जैन

उज्जैन में शाही मस्जिद के बाहर पथराव के बाद पसरा सन्नाटा, लोगों ने खुद हटाईं दीवारें

सड़क चौड़ीकरण के लिए 12 धर्मस्थल पहले ही हटाए जा चुके हैं, शाही मस्जिद को लेकर विवाद के बाद बाजार बंद; पुलिस और आरएएफ तैनात

उज्जैन। उज्जैन के छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद के बाहर सोमवार सुबह पथराव और हंगामे के बाद अब सन्नाटा पसरा हुआ है। सड़क से पत्थर हटा दिए गए हैं, बाजार बंद हैं और पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात है। मस्जिद के जिस हिस्से को हटाने को लेकर विवाद हुआ, उसे मुस्लिम समाज के लोगों ने खुद छेनी-हथौड़े से हटाना शुरू किया था। इस दौरान कुछ लोगों ने दीवारें तोड़ीं और जालियां हटाईं।

कार्रवाई के दौरान टंकी चौक पर भीड़ जुटने के बाद पथराव शुरू हो गया। पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। कुछ समय बाद इलाके में शांति रही, लेकिन बाजार बंद होने से कारोबार प्रभावित हुआ।

पथराव के बाद बाजार बंद, पुलिस का पहरा

छत्री चौक और आसपास के इलाकों में तनाव की सूचना मिलते ही दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों के शटर बंद कर दिए। दोपहर तक बाजारों में सामान्य दिनों की तरह ग्राहकों की आवाजाही नहीं रही। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।

छत्री चौक के एक कपड़ा कारोबारी के अनुसार, सुबह दुकान खोलने के बाद तनाव की जानकारी मिलने पर उन्हें दुकान बंद करनी पड़ी। ग्राहकों की आवाजाही भी रुक गई, जिससे पूरे दिन का कारोबार प्रभावित हुआ।

सराफा बाजार के एक अन्य व्यापारी ने बताया कि पुलिस की तैनाती और रास्तों पर प्रतिबंध के कारण कई ग्राहक वापस लौट गए। त्योहारी सीजन में बाजार बंद रहने से व्यापारियों को नुकसान हुआ।

आंसू गैस के बाद लोग घरों और दुकानों में छिपे

स्थानीय निवासी शुभम के मुताबिक, सुबह पहले मस्जिद की ओर से आवाजें आ रही थीं। इसके बाद टंकी चौक की तरफ भीड़ बढ़ने लगी और अचानक पथराव शुरू हो गया। पुलिस की ओर से आंसू गैस छोड़े जाने के बाद लोग घरों और दुकानों के अंदर चले गए।

एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि शुरुआत में लोग खुद मस्जिद का हिस्सा हटा रहे थे और स्थिति शांत थी। बाद में भीड़ बढ़ने के साथ पथराव शुरू हो गया। पुलिस ने लोगों को पीछे हटाया। घटना के कुछ घंटे बाद इलाके में पुलिस बैरिकेडिंग और बंद दुकानों के शटर ही दिखाई दे रहे थे।

पहले सहमति बनी, फिर बिगड़े हालात

शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने के लिए जिला प्रशासन और मस्जिद कमेटी के बीच पहले ही सहमति बन चुकी थी। इसके तहत सड़क चौड़ीकरण के लिए करीब तीन फीट जगह देने, प्रभावित दुकानों को हटाने और मस्जिद की बड़ी मीनार को दूसरी ओर शिफ्ट करने पर सहमति हुई थी। प्रभावित दुकानदारों को दूसरी जगह उपलब्ध कराने की बात भी सामने आई थी।

सोमवार सुबह करीब आठ बजे मस्जिद की दीवारें और जालियां हटाने का काम शुरू हुआ। इसी दौरान सोशल मीडिया पर मस्जिद पर जेसीबी चलने की खबर फैल गई। इसके बाद लोग टंकी चौक पर जुटने लगे। सुबह करीब नौ बजे तक बड़ी भीड़ एकत्रित हो गई। इसके बाद कई बार पथराव हुआ। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया।

लोगों ने अपने हाथों से हटाईं मस्जिद की दीवारें

रविवार को मुख्यमंत्री की ओर से धार्मिक स्थलों को हटाने के संबंध में संदेश दिए जाने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों और मस्जिद नुमाइंदा कमेटी के बीच बैठक हुई थी। रात में विरोध कर रहे लोगों को आपसी सहमति की जानकारी देकर घर भेजा गया।

सोमवार सुबह मुस्लिम समाज के लोगों ने मस्जिद के प्रभावित हिस्से को खुद हटाना शुरू किया। इस दौरान कुछ लोग छेनी-हथौड़े से दीवारें और जालियां हटाते नजर आए। माहौल भावुक रहा। हालांकि, बाद में भीड़ बढ़ने के साथ विवाद और पथराव की स्थिति बन गई।

सिंहस्थ के लिए 15 मीटर चौड़ी होनी है सड़क

सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत कोयला फाटक से गोपाल मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण का काम किया जा रहा है। मौजूदा 12 मीटर चौड़ी सड़क को बढ़ाकर 15 मीटर करने की योजना है। इस मार्ग पर कुल 323 मकान और 15 धर्मस्थल सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे हैं।

प्रशासन के अनुसार, कोयला फाटक से कंठाल चौराहे तक आठ धर्मस्थलों को बिना विवाद हटाकर शिफ्ट किया जा चुका है। इस हिस्से में सड़क को 15 मीटर तक चौड़ा भी किया गया है। विवाद उस समय बढ़ा, जब नगर निगम की टीम कंठाल से गोपाल मंदिर की ओर आगे बढ़ी और छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद का करीब 4.5 बाय 9 फीट हिस्सा सड़क की सीमा में आने की बात सामने आई।

प्रशासन के मुताबिक, अब तक 12 धर्मस्थलों को हटाया जा चुका है।

मस्जिद 636 साल पुरानी होने का दावा

मुस्लिम समाज की ओर से शाही मस्जिद को 636 साल पुराना बताया गया है। समाज के लोगों का कहना है कि मस्जिद को हटाए बिना सड़क की सेंटर लाइन दूसरी ओर करके चौड़ीकरण किया जा सकता है।

दूसरी ओर, उपलब्ध दस्तावेजों में मस्जिद के 100 साल से अधिक पुराना होने की बात सामने आती है। इमाम की ओर से इसे 600 साल से ज्यादा पुराना बताया गया है। मस्जिद की ऐतिहासिक उम्र को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं।

सड़क चौड़ीकरण के लिए डेढ़ किलोमीटर मार्ग का विकास

कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा करने की योजना है। सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में आवाजाही को देखते हुए सड़क चौड़ीकरण किया जा रहा है। इसके दायरे में मकान, दुकानें और धर्मस्थल प्रभावित हो रहे हैं।

इसी वजह से प्रशासन सड़क सीमा में आ रहे निर्माण और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रहा है। शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को लेकर भी प्रशासन और कमेटी के बीच समझौता हुआ है।

बाजार बंद रहने से व्यापार प्रभावित

तनाव के चलते छत्री चौक, सराफा बाजार, ढाबा रोड, लखेरवाड़ी, सतीगेट, मोचीवाड़ा, मिर्जा नईम बेग मार्ग और टंकी चौराहा समेत कई व्यापारिक क्षेत्रों में दुकानें बंद रहीं। इन बाजारों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्राहक पहुंचते हैं। बाजार बंद रहने से कारोबार प्रभावित हुआ। व्यापारियों के अनुसार, त्योहारी सीजन में एक दिन की बिक्री प्रभावित होना भी आर्थिक नुकसान का कारण बना।

प्रशासन ने संभाला मोर्चा, पुलिस और आरएएफ तैनात

घटना के बाद कलेक्टर और एसपी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस बल के साथ आरएएफ की टुकड़ियां भी तैनात की गईं। पथराव के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। उज्जैन के शहर काजी ने भी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।

अन्य मार्गों पर भी विरोध की स्थिति

सिंहस्थ के लिए बुधवरिया से केडी गेट तक सड़क को 15 मीटर चौड़ा करने की योजना है। इस मार्ग में खजूर वाली मस्जिद से गणेश चौक तक का हिस्सा भी शामिल है। खजूर वाली मस्जिद सड़क के बीच में स्थित होने के कारण यहां भी चौड़ीकरण को लेकर विवाद की आशंका जताई गई है। केडी गेट क्षेत्र में पहले ही विरोध हो चुका है।

सड़क चौड़ीकरण के लिए मदीना मस्जिद और जमीयतुल कुरैश कस्साबान मस्जिद के कुछ हिस्सों को भी हटाया जाना है। करीब 27 दिन पहले प्रशासन की टीम इन स्थलों पर कार्रवाई करने पहुंची थी। जेसीबी से काम शुरू होते ही लोगों ने विरोध किया था। इस दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच बहस भी हुई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!