‘2 कचौड़ी-1 समोसा, BPSSC का क्या भरोसा’… पोस्टर लेकर सड़क पर उतरे अभ्यर्थी
1799 पदों वाली बिहार दरोगा भर्ती की मेंस परीक्षा रद्द करने के विरोध में प्रदर्शन; CM हाउस घेराव के लिए निकले अभ्यर्थियों को रोकने के लिए डाकबंगला और जेपी गोलंबर पर कड़ी पुलिस व्यवस्था

पटना। बिहार में 1799 पदों वाली दरोगा भर्ती की मेंस परीक्षा रद्द किए जाने के विरोध में अभ्यर्थियों का गुस्सा सड़क पर दिखाई दिया। सोमवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थी हाथों में अलग-अलग पोस्टर लेकर पटना की सड़कों पर उतरे और मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करने की कोशिश की।
प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों के हाथों में व्यंग्यात्मक नारे लिखे पोस्टर नजर आए। एक पोस्टर पर लिखा था- “एक सुट्टा, दो चाय, BPSSC हाय-हाय”, जबकि दूसरे पर “2 कचौड़ी, एक समोसा, BPSSC का क्या भरोसा” लिखा था।
सात दिन से धरने पर बैठे हैं अभ्यर्थी
अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले सात दिनों से गर्दनीबाग धरना स्थल पर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
अभ्यर्थियों की सबसे बड़ी मांग बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) की ओर से 1799 पदों की भर्ती की मेंस परीक्षा रद्द करने से संबंधित नोटिस को वापस लेने की है।
मेंस के बाद फिजिकल की तैयारी कर रहे थे अभ्यर्थी
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने पीटी परीक्षा पास करने के बाद मेंस परीक्षा की तैयारी की और परीक्षा में शामिल हुए। मेंस में सफल होने के बाद कई अभ्यर्थी पिछले कई महीनों से फिजिकल टेस्ट की तैयारी में जुटे थे।
अचानक मेंस परीक्षा रद्द किए जाने के फैसले से अभ्यर्थियों के सामने भर्ती प्रक्रिया को लेकर अनिश्चितता पैदा हो गई है।
पटना की अभ्यर्थी निधि ने बताया कि उन्होंने जनवरी में पीटी और मई में मेंस परीक्षा दी थी। उनके मुताबिक, वह करीब चार महीने से गांधी मैदान में सुबह फिजिकल टेस्ट की तैयारी कर रही थीं। उनका सवाल है कि परीक्षा रद्द होने के फैसले में अभ्यर्थियों की क्या गलती है।
डाकबंगला पर कंटीले तार और लोहे की बैरिकेडिंग
अभ्यर्थियों के मार्च को देखते हुए पटना पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। डाकबंगला चौराहे पर कंटीले तार लगाए गए और लोहे की शील्ड से बैरिकेडिंग की गई।
जेपी गोलंबर पर भी बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन और राइट कंट्रोल व्हीकल भी तैयार रखा।
CM हाउस की ओर मार्च को लेकर बढ़ी हलचल
अभ्यर्थियों के मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करने की कोशिश के चलते पटना के प्रमुख चौराहों पर पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को निर्धारित स्थानों तक सीमित रखने के लिए बैरिकेडिंग की।
वहीं, अभ्यर्थी अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि उन्होंने भर्ती प्रक्रिया के हर चरण के लिए समय और मेहनत लगाई है, ऐसे में मेंस परीक्षा रद्द किए जाने के फैसले से उनके भविष्य पर असर पड़ रहा है।
अब अभ्यर्थियों की नजर इस बात पर है कि सरकार और BPSSC उनकी मांगों पर क्या फैसला लेते हैं।
हमारे मठ | RNI NO. HARHIN/2023/90591




