MLC चुनाव: ओपन जीप में नामांकन के लिए निकले नीरज कुमार, अनंत सिंह की बगावत के बीच शक्ति प्रदर्शन
पटना स्नातक सीट से JDU प्रत्याशी नीरज कुमार आज भरेंगे पर्चा; नीतीश कुमार ने सौंपा पार्टी सिंबल, अनंत सिंह जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में कर चुके हैं रोड शो

पटना। बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से JDU प्रत्याशी नीरज कुमार सोमवार को समर्थकों के साथ ओपन जीप में नामांकन दाखिल करने के लिए निकले। इस दौरान समर्थकों ने ‘नीतीश कुमार जिंदाबाद’ के नारे लगाए।
नीरज कुमार का नामांकन ऐसे समय हो रहा है, जब उनकी ही पार्टी के मोकामा विधायक अनंत सिंह ने उनके खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल रखा है। अनंत सिंह ने जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन का ऐलान किया है और उनके पक्ष में नवादा तथा नालंदा में रोड शो भी कर चुके हैं।
नीतीश ने नीरज को सौंपा पार्टी सिंबल
अनंत सिंह के विरोध के बीच JDU नेतृत्व ने नीरज कुमार के समर्थन में अपना रुख साफ कर दिया है। नीतीश कुमार ने नीरज कुमार को पार्टी का चुनावी प्रपत्र सौंपते हुए चुनाव मजबूती से लड़ने और जीतने का संदेश दिया।
नीरज कुमार ने नामांकन से पहले पटना के राजवंशी नगर स्थित हनुमान मंदिर में पूजा भी की।
नीरज ने चुनावी माहौल पर कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने अपने नाम, नीतीश कुमार और निशांत कुमार के नाम का जिक्र करते हुए कहा कि तीनों नाम ‘N’ से शुरू होते हैं और उन्हें नीतीश कुमार का आशीर्वाद मिला हुआ है।
अनंत सिंह बोले- नीतीश को मानता हूं, लेकिन नीरज से पुराना विवाद
अनंत सिंह लगातार कह रहे हैं कि उनका विरोध नीतीश कुमार से नहीं बल्कि नीरज कुमार से है। उनका कहना है कि वह नीतीश कुमार को मानते हैं और उनके लिए काफी संघर्ष किया है, लेकिन नीरज कुमार के साथ उनका पुराना राजनीतिक विवाद है।
अनंत सिंह का आरोप है कि जब वह विधानसभा चुनाव लड़ रहे थे, तब नीरज कुमार ने उनके खिलाफ काम किया था। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी में कोई नियम और नीति है तो वह सभी पर समान रूप से लागू होनी चाहिए।
अनंत सिंह ने यहां तक कहा कि “पार्टी रहे या ना रहे, मैं किसी का कर्मचारी नहीं हूं।”
जन सुराज प्रत्याशी के लिए कर चुके हैं प्रचार
अनंत सिंह ने जन सुराज प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में नवादा और नालंदा में रोड शो किया था। नवादा के वारिसलीगंज में उन्होंने समर्थकों से अनुज सिंह के पक्ष में ज्यादा से ज्यादा वोट देने की अपील की।
उन्होंने विरोधी उम्मीदवार की जमानत जब्त कराने की अपील भी की, जिससे चुनावी मुकाबले की गर्मी और बढ़ गई है।
8 सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान
बिहार विधान परिषद की चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए चुनाव हो रहा है। इनमें पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी स्नातक तथा पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।
नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है। मतदान 23 अक्टूबर को होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।
कई सीटों पर आमने-सामने होंगे प्रमुख दल
पटना स्नातक सीट पर JDU के नीरज कुमार के सामने कांग्रेस के डॉ. असदुल्लाह खान, RJD के दिलीप कुमार और जन सुराज के डॉ. अनुज सिंह मैदान में हैं।
कोसी स्नातक सीट पर कांग्रेस के मनोज कुमार जायसवाल और जन सुराज के डॉ. रजनीश रंजन भी नामांकन करेंगे। इस सीट पर भाजपा के मौजूदा MLC डॉ. एनके यादव और RJD के नितेश कुमार यादव पहले ही नामांकन दाखिल कर चुके हैं।
वहीं तिरहुत स्नातक सीट से NDA समर्थित JDU प्रत्याशी अभिषेक झा भी नामांकन दाखिल करेंगे।
दरभंगा और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में भी कांग्रेस, RJD, JDU, जन सुराज और अन्य दलों के प्रत्याशियों के बीच मुकाबला देखने को मिल रहा है।
नीरज बनाम अनंत की लड़ाई पर नजर
पटना स्नातक सीट का मुकाबला इसलिए भी अहम हो गया है क्योंकि JDU के अधिकृत उम्मीदवार नीरज कुमार को पार्टी नेतृत्व का समर्थन हासिल है, जबकि पार्टी के ही विधायक अनंत सिंह जन सुराज उम्मीदवार के समर्थन में खड़े हैं। अब चुनावी मैदान में यह टकराव किस तरह JDU के वोट समीकरण को प्रभावित करता है, इस पर सभी की नजर है।
हमारे मठ | RNI NO. HARHIN/2023/90591




