बीकानेर में राहत पर लगेगा ब्रेक
46 डिग्री के साथ लू का अलर्ट, 8 मई से रातें भी होंगी तपती

बीकानेर में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मई के पहले सप्ताह में दो दिन की राहत और बारिश के बाद अब गर्मी फिर से विकराल रूप लेने जा रही है। मौसम विभाग ने बीकानेर संभाग के लिए हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आने वाले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है, जबकि रात का पारा भी 30 डिग्री के पार जा सकता है।
मंगलवार रात बीकानेर का न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री कम रहा। पिछले 48 घंटों में हुई 13 एमएम बारिश और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से वातावरण में नमी बनी रही, जिससे रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार मई में इतनी ठंडी रातें दुर्लभ मानी जाती हैं, हालांकि 2018 में 19.1 और 2024 में 19.6 डिग्री तापमान दर्ज किया जा चुका है।
8 मई से बरसेगी आग, 46 डिग्री तक पहुंचेगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार राहत के दिन अब खत्म होने वाले हैं। 8 मई से 11 मई तक बीकानेर भीषण लू की चपेट में रहेगा। दिन का तापमान तेजी से बढ़कर 46 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं जो रातें अभी 22.5 डिग्री पर हैं, वे अगले तीन दिनों में 30 डिग्री के पार पहुंच जाएंगी।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि तापमान में यह अचानक उछाल लोगों की सेहत पर सीधा असर डाल सकता है। 22 डिग्री से सीधे 46 डिग्री तक पहुंचने वाला यह अंतर हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और थकावट जैसी समस्याओं को बढ़ा सकता है।
प्रशासन अलर्ट मोड पर, पानी और छाया की तैयारी
गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गए हैं। नगर निगम और जलदाय विभाग को पानी की बढ़ती मांग को देखते हुए आपूर्ति व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने मनरेगा श्रमिकों और खुले में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए दोपहर के समय छाया, पीने के पानी और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों को भी हीट स्ट्रोक और लू से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
सेहत पर असर, डॉक्टरों ने दी सावधानी की सलाह
चिकित्सकों के अनुसार अचानक बढ़ती गर्मी सबसे ज्यादा बच्चों, बुजुर्गों और बाहर काम करने वालों के लिए खतरनाक हो सकती है। डॉक्टरों ने दोपहर 12 से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचने, ज्यादा पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है।
बीकानेर में फिलहाल राहत की ठंडी रातें अब खत्म होने जा रही हैं और आने वाले दिनों में दिन ही नहीं, रातें भी तपने वाली हैं।
#HamareMath #GiriReporter #MandiDabwali #BhagwaHindustan #BhagwaHindusthan




